Bhuvneshwar Kumar की चार साल बाद T20I में वापसी, चोटिल Arshdeep के कवर बने

वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें टी20 मैच के लिए भारतीय टीम में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को शामिल किया गया है। चौथे मैच में अर्शदीप सिंह के कंधे पर चोट लग गई थी, जिस कारण उनके खेलने पर संशय बना हुआ है। दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की श्रृंखला 2-2 की बराबरी पर है और निर्णायक मुकाबला शनिवार को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को शुक्रवार को कंधे में चोट से जूझ रहे अर्शदीप सिंह के कवर के तौर पर वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया। भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैच की यह श्रृंखला 2-2 से बराबरी पर है। श्रृंखला का निर्णायक मुकाबला शनिवार को यहां एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा, ‘‘बुधवार को हैदराबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान अर्शदीप सिंह को गेंदबाजी करने वाले हाथ के कंधे पर चोट लगी थी जिसके बाद भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल किया गया है। ’’ छत्तीस वर्षीय भुवनेश्वर को इससे पहले 22 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली टी20 श्रृंखला के लिए भी भारतीय टीम में चुना गया था। बयान में कहा गया, ‘‘अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में अर्शदीप की उपलब्धता पर फैसला उनकी चोट से उबरने की स्थिति को देखते हुए मुकाबले से पहले लिया जाएगा।
’’ हालांकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप के इस मैच में खेलने की संभावना कम है, क्योंकि कंधे की चोट को ठीक होने में आमतौर पर कम से कम तीन सप्ताह लगते हैं। ऐसे में भुवनेश्वर कुमार की चार साल बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी का मंच तैयार हो गया है। उत्तर प्रदेश के इस तेज गेंदबाज का वेस्टइंडीज के खिलाफ यहां होने वाले निर्णायक मुकाबले में खेलना लगभग तय माना जा रहा है।
भुवनेश्वर ने अपना पिछला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 22 नवंबर 2022 को नेपियर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। यह संयोग ही है कि भुवनेश्वर की वापसी उसी मैदान पर होगी, जहां उन्होंने 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। उस मुकाबले में भुवनेश्वर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में नौ रन देकर तीन विकेट लिए थे।
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका पहला शिकार पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज नासिर जमशेद बने थे। लंबे समय तक भारतीय टीम से बाहर रहने के बाद भुवनेश्वर ने 2025 और 2026 के आईपीएल सत्र में खुद को फिर से टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप के एक प्रभावी गेंदबाज के रूप में स्थापित किया। उन्होंने इस दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की ओर से 30 मैच में 45 विकेट हासिल किए।
आरसीबी के सहायक कोच ओंकार साल्वी ने टी20 प्रारूप में भुवनेश्वर के कुशल गेंदबाज के रूप में निखरने की सराहना की थी। साल्वी ने पीटीआई से कहा था, ‘‘उनकी सबसे बड़ी खूबियों में से एक अपने खेल को लेकर स्पष्टता है। वह जानते हैं कि उनके लिए क्या कारगर है और वह चीजों को सरल रखते हैं।
’’ उन्होंने कहा था, ‘‘उन्होंने टी20 क्रिकेट की मांग के अनुरूप खुद को लगातार ढाला है। चाहे नयी गेंद से विकेट लेने के मौके बनाना हो या पारी के अंतिम ओवरों में अपनी विविधताओं का इस्तेमाल करना, वह ऐसा करने में सक्षम हैं। ’’ नयी गेंद से भुवनेश्वर की गेंदबाजी और चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलने का उनका अनुभव भारत के लिए वेस्टइंडीज के आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे कप्तान शाई होप को रोकने में उपयोगी साबित हो सकता है।
होप इस श्रृंखला में चार मैच में दो शतकों से 261 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। भारत की अपडेट हुई टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम : श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, नीतिश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव, नमन धीर और भुवनेश्वर कुमार।
अन्य न्यूज़













