Chess Olympiad: भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने जीते दूसरे दौर के मुकाबले

उज्बेकिस्तान के समरकंद में आयोजित 46वें शतरंज ओलंपियाड के दूसरे दौर में भारत की पुरुष और महिला टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर चार अंक जुटा लिए हैं। पुरुष वर्ग में निहाल सरीन की अहम जीत की बदौलत भारत ने इंडोनेशिया को हराया, जबकि महिला टीम ने फिनलैंड पर आसान जीत दर्ज की।
मौजूदा चैंपियन भारतीय पुरुष और महिला टीम ने 46वें शतरंज ओलंपियाड के दूसरे दौर में कुछ उतार-चढ़ाव के बावजूद अपने-अपने मुकाबले जीतकर चार मैच अंक के साथ शीर्ष स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। लगातार दूसरे दिन निहाल सरीन भारतीय पुरुष टीम की जीत में निर्णायक साबित हुए। उन्होंने विरोधी की चाल को कुछ देर के लिए भांपने में चूकने के बाद हाफिज आरिफ अब्दुल को शिकस्त दी।
सफेद मोहरों से सिसिलियन डिफेंस का सामना करते हुए निहाल का राजा एक चाल के लिए गंभीर खतरे में आ गया। हालांकि हाफिज इस मौके को भुना नहीं सके और कई मोहरों के बोर्ड पर मौजूद होने के बावजूद उनका राजा मुश्किल स्थिति में फंस गया। इसके बाद निहाल ने जल्द ही बाजी अपने नाम कर ली।
मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश का संघर्ष जारी रहा और उन्हें काले मोहरों से खेल रहे सातरिया दुत चहाया ने ड्रॉ पर रोक दिया। बाजी ड्रॉ होने के बावजूद भारत ने 2-1 की बढ़त बना ली। इसके बाद शीर्ष बोर्ड पर आर प्रज्ञानानंदा जीत के लिए संघर्ष कर रहे थे।
प्रज्ञानानंदा ने काफी प्रयास किया लेकिन सफेद मोहरों से बेहद ठोस खेल दिखाने वाले सुसांतो मेगारांतो ने उन्हें बराबरी पर रोक दिया। दोनों खिलाड़ियों ने 79 चाल के बाद अंक बांट लिए। विदित संतोष गुजराती और नायका बुधिधर्मा की बाजी भी ड्रॉ रही।
शीर्ष वरीयता प्राप्त अमेरिका का भी मंगोलिया के खिलाफ कुछ ऐसा ही परिणाम रहा और उसने 2.5-1.5 से जीत दर्ज की। वहीं 2022 के विजेता मेजबान उज्बेकिस्तान ने पेरू को 3.5-0.5 से करारी शिकस्त दी। महिला वर्ग में भारतीय टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया।
विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख ने यहां पहली बार खेलते हुए दूसरे बोर्ड पर जोहाना पासिकांगास को हराकर जीत से शुरुआत की। वंतिका अग्रवाल ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए तीसरे बोर्ड पर सारा-ओलिविया सिप्पोला को हराया। बी साविता श्री ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन जारी रखते हुए हेल्जा लेहटिनेन को शिकस्त दी।
भारत के पक्ष में स्कोर 3-0 होने के बाद आर वैशाली ने अनास्तासिया केनानेन के साथ ड्रॉ खेला।
अन्य न्यूज़














