FIDE World Championship: D Gukesh और Javokhir Sindarov की दूसरी बाजी 20 चालों में ड्रॉ

FIDE World Championship: D Gukesh और Javokhir Sindarov की दूसरी बाजी 20 चालों में ड्रॉ
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

जिनेवा में फिडे विश्व चैंपियनशिप की दूसरी बाजी में मौजूदा चैंपियन डी गुकेश ने उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव के साथ ड्रॉ खेला। सफेद मोहरों से 'लंदन सिस्टम' अपनाने वाले गुकेश ने 20वीं चाल के बाद मोहरे दोहराकर मुकाबला बराबरी पर समाप्त किया। 14 बाजियों के इस खिताबी मुकाबले में दो दौर के बाद दोनों खिलाड़ी एक-एक अंक की बराबरी पर हैं।

मौजूदा विश्व चैंपियन भारत के डी गुकेश ने बुधवार को यहां फिडे विश्व चैंपियनशिप की दूसरी बाजी में उज्बेकिस्तान के अपने प्रतिद्वंद्वी जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ सफेद मोहरों से आसान ड्रॉ खेला। आम तौर पर जल्दी बाजी ड्रॉ नहीं कराने वाले गुकेश ने हैरानी भरे फैसले में लगातार चालें दोहराने का विकल्प चुना और केवल 20 चाल के बाद बाजी ड्रॉ कर दी। भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआती समय गंवाया और आखिर में आधे-आधे अंक से संतोष किया।

इस 14 बाजियों के मुकाबले में दो गेम के बाद दोनों खिलाड़ियों का एक-एक अंक हैं। मुकाबले में पहली बार सफेद मोहरों से खेल रहे गुकेश ने ‘लंदन सिस्टम’ से शुरुआत की। ऐसा लग रहा था कि वह पहली बाजी में सिंदारोव के दबाव का सामना करने के बाद इस बार अधिक सतर्क रणनीति अपनाना चाहते थे।

पहली बाजी में सिंदारोव ने बढ़त बनाने की कोशिश की थी लेकिन वह इसे निर्णायक रूप नहीं दे सके थे। शुरुआती चालों से संकेत मिला कि गुकेश की तैयारी उन्हें कोई खास बढ़त नहीं दिला सकी। सिंदारोव ने कुछ सामान्य चालों से स्थिति बराबर कर ली।

इसके बाद मध्य खेल में भी किसी खिलाड़ी को खास फायदा नहीं मिला। ड्रॉ पर सहमति बनने के समय बोर्ड पर 30 मोहरे मौजूद थे। गुकेश ने 14वीं चाल में चौंकाने वाली चाल चली जिसके बाद सिंदारोव ने अगली चाल में अपने राजा की ओर के प्यादे को आगे बढ़ाया।

कई कमेंटेटरों का मानना था कि इस चाल से भारतीय खिलाड़ी असहज हो गया था। हालांकि गुकेश ने एक एहतियाती चाल से प्यादे की बढ़त रोक दी लेकिन इसके बाद सिंदारोव को किसी तरह की खास परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। दोनों खिलाड़ियों ने जल्द ही चालों को दोहराना शुरू कर दिया और 20वीं चाल के बाद बाजी ड्रॉ पर समाप्त हो गई।

शुरुआती चालों के लिहाज से सिंदारोव की स्थिति कुछ बेहतर मानी जा सकती है। लंदन सिस्टम से गुकेश को सफेद मोहरों का कोई खास फायदा नहीं मिला। इस 14 बाजियों के मुकाबले में अब 12 बाजियां बाकी हैं।

तीसरी बाजी में सिंदारोव सफेद मोहरों से खेलेंगे और वह इसका फायदा उठाकर बढ़त बनाने की कोशिश करेंगे। ‘लंदन सिस्टम’ चुनने और जल्दी ड्रॉ पर सहमत होने के बारे में पूछे जाने पर गुकेश ने कहा, ‘‘यह एक अच्छा ओपनिंग सिस्टम है। दोनों रंग के मोहरों से खेल में बहुत कुछ तलाशने और आजमाने की गुंजाइश है।

इसलिए मुझे नहीं लगता कि कोई एक ओपनिंग दूसरे से बेहतर है। मैच की शुरुआत लंदन सिस्टम से करना अच्छा विकल्प था।’’ इस मुकाबले में सबसे पहले 7.5 अंक हासिल करने वाला खिलाड़ी विश्व चैंपियन बनेगा। यदि 14 बाजियों के बाद स्कोर बराबर रहता है तो विजेता का फैसला करने के लिए छोटे प्रारूप में टाईब्रेकर मुकाबले खेले जाएंगे।

समय नियंत्रण के तहत शुरुआती 40 चालों के लिए प्रत्येक खिलाड़ी को 120 मिनट मिलेंगे। इसके बाद 41वीं चाल से 30 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे और प्रत्येक चाल के बाद 30 सेकंड का समय भी जोड़ा जाएगा। आपसी सहमति से 40 चाल पूरी होने से पहले ड्रॉ स्वीकार नहीं किया जा सकता।

हालांकि तीन बार एक जैसी स्थिति बनने या स्टेलमेट होने पर बाजी पहले भी समाप्त हो सकती है। इस मुकाबले की कुल पुरस्कार राशि 25 लाख डॉलर है। प्रत्येक जीत पर दो लाख डॉलर मिलेंगे जबकि शेष पुरस्कार राशि दोनों खिलाड़ियों के बीच बराबर बांटी जाएगी।

टाईब्रेकर की स्थिति में विजेता को 13 लाख डॉलर और उपविजेता को 12 लाख डॉलर मिलेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़