FIFA World Cup 2026: Erling Haaland का डबल धमाल, Senegal पर जीत के साथ Harry Kane के रिकॉर्ड की बराबरी की

Erling Haaland
Instagram @erling

स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड के दो गोल की मदद से नॉर्वे ने फुटबॉल विश्व कप में सेनेगल को 3-2 से हराकर अंतिम 32 में अपनी जगह पक्की कर ली। इस प्रदर्शन के साथ हालैंड गोल्डन बूट की रेस में काइलियान एमबाप्पे के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं।

एर्लिंग हालैंड के दो गोल की मदद से नॉर्वे ने सेनेगल को 3 . 2 से हराकर विश्व कप फुटबॉल के अंतिम 32 में जगह बना ली। मार्कस पेडरसन ने 43वें मिनट में गोल किया जबकि हालैंड ने 48वें और 58वें मिनट में गोल दागे। उनके विश्व कप में अब चार गोल हो गए हैं। पेडरसन ने जूलियन रायरसन के चोटिल होने के कारण 13वें मिनट में विश्व कप में पदार्पण किया और गोल कर दिया। वहीं हालैंड ने मार्टिन ओडेगार्ड के पास पर बायें पैर से शॉट लगाया और सेनेगल के गोलकीपर एडुअर्ड मेंडी बायीं ओर डाइव लगाकर भी गोल नहीं बचा सके।

इसके बाद उन्होंने सेनेगल के डिफेंस को भेदते हुए पैट्रिक बर्ग के पास पर गोल किया। हालैंड के पिछले 12 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 24 गोल हो गए हैं और अब तक 52 मैचों में वह 59 गोल कर चुके हैं। विश्व कप के पहले दो मैचों में दो दो गोल करने वाले वह इंग्लैंड के हैरी केन (2018) के साथ पिछले 50 साल में दूसरे फुटबॉलर हो गए हैं।

वह गोल्डन बूट की रेस में अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी के बाद फ्रांस के काइलियान एमबाप्पे के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर है। सेनेगल के लिये इस्माइल सार ने 53वें मिनट में गोल किया। सेनेगल को अब ईराक को 2 . 0 से हराना होगा ताकि तीसरे स्थान की टीम के रूप में अगले दौर में जाने का मौका बना रहे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़