गनीमत, दर्शा ने एशियाई खेलों और विश्व चैम्पियनशिप की टीम में जगह बनायी

indian shooter
प्रतिरूप फोटो
Google Creative Common

जूनियर विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला स्कीट निशानेबाज और विश्व कप कांस्य जीतने वाली पहली भारतीय महिला स्कीट निशानेबाज गनीमत ने पिछले महीने कजाकिस्तान के अल्माटी में विश्व कप में रजत पदक जीता था।

नयी दिल्ली। निशानेबाजी विश्व कप की स्कीट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय गनीमत सेखों और दर्शा राठौड़ को अजरबैजान में होने वाली आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप और आगामी एशियाई खेलों (सितंबर में चीन के हांगझोऊ) के लिए निशानेबाजी टीम में शामिल किया गया। दोनों प्रमुख स्पर्धाओं के लिए महिला वर्ग में तीसरी स्कीट निशानेबाज परिनाज धालीवाल हैं। जूनियर विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला स्कीट निशानेबाज और विश्व कप कांस्य जीतने वाली पहली भारतीय महिला स्कीट निशानेबाज गनीमत ने पिछले महीने कजाकिस्तान के अल्माटी में विश्व कप में रजत पदक जीता था। दर्शा ने अल्माटी विश्व कप में कांस्य पदक जीतकर इसे भारत के लिए यादगार बना दिया था।

यह पहली बार था जब भारत की दो निशानेबाजों ने महिला स्कीट विश्व कप के व्यक्तिगत स्पर्धा में दो पदक हासिल किये थे। एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप के लिए पुरुषों की स्कीट टीम में जूनियर वर्ग में 2014 एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता अनंतजीत सिंह नरूका, अंगद वीर सिंह बाजवा और गुरजोत सिंह खंगुरा शामिल हैं। कई बार के राष्ट्रीय चैंपियन अनुभवी स्कीट निशानेबाज मेराज अहमद खान को इन दोनों प्रतियोगिताओं की टीम में जगह नहीं दी गयी। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के अनुसार, टीम का चयन 2023 के शुरूआती छह महीनों में आयोजित चार ट्रायल और कुछ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अंकों को ध्यान में रखा कर किया गया है।

पुरुषों के ट्रैप वर्ग में, पृथ्वीराज तोंडइमन, अनुभवी जोरावर सिंह संधू और ओलंपियन किनान चेनाई टीम में जगह बनाने में सफल रहे जबकि 2006 के विश्व चैंपियन मानवजीत सिंह संधू अपना स्थान सुरक्षित करने से चूक गये। वह समग्र तालिका में पांचवें स्थान पर रहे। तमिलनाडु के पृथ्वीराज हाल ही में भोपाल में आयोजित शॉटगन के चौथे राष्ट्रीय चयन ट्रायल में विजेता बने थे। महिलाओं की ट्रैप टीम में मनीषा कीर, प्रीति रजक और राजेश्वरी कुमारी को तरजीह दी गयी जबकि श्रेयसी सिंह और शगुन चौधरी जैसे बड़े नाम टीम में जगह नहीं बना सकीं। विश्व चैम्पियनशिप (बाकू, अजरबैजान) के लिए भारतीय टीम ट्रैप पुरुष : पृथ्वीराज तोंडइमन, किनान चेनाई, जोरावर सिंह संधू।

इसे भी पढ़ें: Indian Super League। मोहन बागान ने अल्बानिया के फारवर्ड सादिकु को अनुबंधित किया

ट्रैप महिला :  मनीषा कीर, प्रीति रजक, राजेश्वरी कुमारी। स्कीट पुरुष: अनतजीत सिंह नरुका, अंगद वीर सिंह बाजवा, गुरजोत सिंह खंगुरा। स्कीट महिला: गनीमत सेखों, परिनाज धालीवाल, दर्शा राठौड़। ट्रैप मिश्रित टीम: पृथ्वीराज तोंडइमन  / मनीषा कीर और किनान चेनाई / प्रीति रजक। स्कीट मिश्रित टीम: अनंतजीत सिंह नरुका / गनीमत सेखों और अंगद वीर सिंह बाजवा / परिनाज धालीवाल। हांगझोऊ एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम ट्रैप पुरुष : पृथ्वीराज तोंडइमन, किनान चेनाई, जोरावर सिंह संधू। ट्रैप महिला :  मनीषा कीर, प्रीति रजक, राजेश्वरी कुमारी। स्कीट पुरुष: अनंतजीत सिंह नरूका, अंगद वीर सिंह बाजवा, गुरजोत सिंह खंगुरा। स्कीट महिला: गनीमत सेखों, परिनाज धालीवाल, दर्शा राठौड़।  स्कीट मिश्रित टीम: अनंतजीत सिंह नरुका / गनीमत सेखों और अंगद वीर सिंह बाजवा / परिनाज धालीवाल।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़