भारतीय Football टीम Unity Cup 2026 फाइनल की दौड़ से बाहर, Jamaica ने सेमीफाइनल में हराया

Unity Cup Football 2026
instagram @unitycupfootball

यूनिटी कप 2026 के सेमीफाइनल में भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम जमैका के खिलाफ 0-2 से हारकर खिताब की दौड़ से बाहर हो गई। जमैका के लिए कर्टनी क्लार्क और काहेम डिक्सॉन ने गोल किए, जबकि भारत का एक गोल ऑफसाइड के कारण अमान्य हो गया।

भारतीय पुरूष फुटबॉल टीम लंदन में यूनिटी कप 2026 के सेमीफाइनल में जमैका से 0 . 2 से हारकर बाहर हो गई। जमैका के लिये कर्टनी क्लार्क ने आठवें और काहेम डिक्सॉन ने 78वें मिनट में गोल दागे। अब तीसरे स्थान के प्लेआफ मुकाबले में भारत का सामना जिम्बाब्वे से होगा जिसे दूसरे सेमीफाइनल में नाइजीरिया ने हराया। वहीं फाइनल में पिछले साल की तरह नाइजीरिया की टक्कर जमैका से होगी। भारत के लिये नोफाल पीएन और रिकी शाबोंग ने सीनियर टीम में पदार्पण किया। भारतीय टीम का ब्रिटेन में यह पहला मैच था।

फीफा रैंकिंग में 71वें स्थान पर काबिज जमैका ने आक्रामक शुरूआत करके आठवें ही मिनट में बढत बना ली। डिक्सॉन 17वें मिनट में बढत दुगुनी करने के करीब पहुंचे लेकिन गुरप्रीत संधू ने गोल नहीं होने दिया। ब्रेक के पहले भारतीयों ने कुछ अच्छे मूव बनाये लेकिन गोल में नहीं बदल सके। ब्रेक के बाद 53वें मिनट में जमैका के डिफेंस और गोलकीपर की गलती का फायदा उठाकर भारत गोल करने के करीब भी पहुंचा। रोशन ने गेंद पर नियंत्रण बनाकर रहीम अली को गेंद सौंपी जो लालरिंडिका की जगह हाफ टाइम के बाद उतरे थे।

अली आफ साइड में थे लिहाजा फॉलोअप में छांगटे का गोल मान्य नहीं हुआ। इसके बाद हालांकि भारतीय टीम अचानक लय में दिखने लगी और काफी आक्रामक खेल दिखाया। लेकिन जब लग रहा था कि भारत बराबरी कर लेगा, उसी समय डिक्सॉन ने जमैका के लिये दूसरा गोल कर दिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़