Tewolde GebreMariam को मिली सुरक्षा मंजूरी, Air India के नए सीईओ का पद संभालेंगे

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

इथियोपियाई नागरिक टेवोल्डे गेब्रेमरियम को सुरक्षा मंजूरी मिल गई है, जिसके बाद वह एयर इंडिया के नए सीईओ एवं एमडी का दायित्व संभालेंगे। वह न्यूजीलैंड के कैंपबेल विल्सन की जगह लेंगे और कंपनी के प्रमुख बनने वाले दूसरे विदेशी अधिकारी होंगे।

एयर इंडिया के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक टेवोल्डे गेब्रेमरियम को सुरक्षा मंजूरी मिल गई है और वह बृहस्पतिवार को औपचारिक रूप से एयरलाइन का कार्यभार संभाल लेंगे। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। इथियोपिया के नागरिक गेब्रेमरियम की एयर इंडिया के प्रमुख के रूप में नियुक्ति की घोषणा पांच अगस्त को की गई थी।

वह ऐसे समय में एयरलाइन की कमान संभाल रहे हैं जब एयर इंडिया विस्तार की महत्वाकांक्षी योजनाओं पर काम कर रही है और उसे कई बाहरी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ रहा है। गेब्रेमरियम घाटे में चल रही एयर इंडिया के प्रमुख बनने वाले दूसरे विदेशी सीईओ एवं एमडी होंगे। वह न्यूजीलैंड के कैंपबेल विल्सन का स्थान लेंगे।

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने भी गेब्रेमरियम को सुरक्षा मंजूरी मिलने की पुष्टि की है। सूत्रों ने कहा कि सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद गेब्रेमरियम एक अक्टूबर को एयर इंडिया के सीईओ एवं एमडी का दायित्व संभाल लेंगे। गेब्रेमरियम ने 28 सितंबर को कर्मचारियों के साथ एक टाउनहॉल बैठक में कहा था कि लागत अनुशासन को एयर इंडिया की कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाना होगा।

उन्होंने टिकाऊ मुनाफे, सुरक्षा और परिचालन विश्वसनीयता को एयरलाइन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया था। उन्होंने ऐसे कार्यक्रम शुरू करने की भी योजना बताई थी जिनके तहत लागत में मापने योग्य बचत और परिचालन दक्षता में सुधार लाने वाले कर्मचारियों के विचारों को पुरस्कृत किया जाएगा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़