Khalid Jamil की Team India का Panama के खिलाफ Bengaluru में पहला Football मुकाबला

Khalid Jamil
प्रतिरूप फोटो
Social Media
Ankit Jaiswal । Sep 25 2026 8:18PM

भारतीय फुटबॉल टीम शुक्रवार शाम 7:30 बजे बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में पनामा के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैत्री मैच खेलेगी। खालिद जमील के मार्गदर्शन में भारतीय टीम पहली बार पनामा का सामना करेगी। इस मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी लिव पर किया जाएगा।

भारतीय फुटबॉल टीम शुक्रवार को बेंगलुरु में पनामा के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। श्री कांतीरवा स्टेडियम में होने वाला यह अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा। खालिद जमील की अगुवाई वाली भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला इसलिए भी खास है, क्योंकि इसके बाद उसे ब्राजील और उरुग्वे जैसी विश्व कप में खेल चुकी टीमों से भीड़ना है।

मौजूद जानकारी के अनुसार, भारत और पनामा की सीनियर पुरुष टीमों के बीच यह पहला मुकाबला है। फीफा की ताजा रैंकिंग में पनामा 44वें स्थान पर है, जबकि भारत 138वें स्थान पर है। पनामा ने 2026 विश्व कप में हिस्सा लिया था और उसके मौजूदा दल में विश्व कप अभियान का हिस्सा रहे 14 खिलाड़ी शामिल हैं। ऐसे में भारतीय टीम के सामने अनुभवी खिलाड़ियों वाली टीम को रोकने की चुनौती होगी।

भारतीय टीम के मुख्य कोच खालिद जमील ने इस अंतरराष्ट्रीय खिड़की के लिए 26 खिलाड़ियों का दल चुना है। गोलकीपरों में अल्बिनो गोम्स, गुरप्रीत सिंह संधू, प्रभसुखन सिंह गिल और सोम कुमार शामिल हैं। गुरप्रीत सिंह संधू के गोलकीपर की भूमिका संभालने की उम्मीद है। वहीं अटैक लाइन में बेंगलुरु से जुड़े रयान विलियम्स पर भी नजर रहेगी। वह पिछले 3 वर्षों से बेंगलुरु फुटबॉल क्लब के लिए खेल रहे हैं और कांतीरवा की परिस्थितियों से अच्छी तरह परिचित हैं।

भारत के दल में अबिषेक सिंह टेकचम, आकाश मिश्रा, अनवर अली, बिजॉय वर्गीज, हमिंगथनमाविया राल्टे, जय गुप्ता, प्रमवीर और रिकी मीतेई हाओबाम जैसे रक्षक शामिल हैं। मिडफील्ड में अनिरुद्ध थापा, आशिक कुरुनियन, फारुख चौधरी, लालेंगमाविया राल्टे, मैकार्टन निक्सन, मोहम्मद सनान, रिकी शाबोंग और सहल अब्दुल समद को जगह मिली है।

अटैकर्स में एडमंड लालरिंदिका, इरफान यावदाद, मनवीर सिंह, रहीम अली, रयान विलियम्स और विक्रम प्रताप सिंह शामिल हैं। हालांकि, ललियांजुआला छांग्ते को इस दल में जगह नहीं मिली है।

पनामा के मुख्य कोच थॉमस क्रिस्टियनसेन ने 27 खिलाड़ियों का दल चुना है। इसमें ऑरलांडो मोस्केरा, मार्कोस डी लियोन, एडी रॉबर्ट्स, सेसर ब्लैकमैन, जॉर्ज गुटियरेज, जैर मॉडल, अमीर मुरिल्लो, उमर वालेंसिया, मार्टिन क्रुग, आंद्रेस एंड्राडे, जोसे कॉर्डोबा और जियोवानी रामोस जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। मिडफील्ड में कार्लोस हार्वी, अदाल्बेर्तो कारास्किया, क्रिस्टियन मार्टिनेज और जोसे लुइस रोड्रिगेज जैसे नाम हैं।

गौरतलब है कि यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए 2026 विश्व कप में खेल चुकी टीमों के खिलाफ लगातार 3 बड़े मुकाबलों की शुरुआत है। पनामा के बाद भारत 3 अक्टूबर को कोलकाता में 5 बार की विश्व चैंपियन ब्राजील से भिड़ेगा। इसके बाद 6 अक्टूबर को उसी शहर में उरुग्वे के खिलाफ मुकाबला होगा।

बेंगलुरु में भारतीय टीम करीब 3 वर्षों बाद लौट रही है। इसी मैदान पर भारत ने 2023 में कुवैत को फाइनल में हराकर साफ चैंपियनशिप का खिताब जीता था। उस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने घरेलू मैदान पर मजबूत प्रदर्शन किया था। इससे पहले भी बेंगलुरु भारतीय फुटबॉल के लिए खास रहा है। 2001 में भारत ने इसी शहर में विश्व कप क्वालीफायर के दौरान संयुक्त अरब अमीरात को 1-0 से हराकर अहम जीत दर्ज की थी।

बता दें कि भारत और पनामा का मुकाबला पहले 26 सितंबर को होना था, लेकिन बेंगलुरु में होने वाली मैराथन के कारण इसे एक दिन पहले 25 सितंबर कर दिया गया है।

भारत में इस मुकाबले का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। मुकाबला सोनी स्पोर्ट्स 2 पर देखा जा सकेगा, जबकि बंगाली भाषा में प्रसारण सोनी आथ पर होगा। इंटरनेट पर मुकाबला सोनी लिव पर देखा जा सकेगा। 

All the updates here:

अन्य न्यूज़