New Zealand टीम में Kristian Clarke शामिल, Blair Tickner के चोटिल होने पर मिला बुलावा

हैमिल्टन में भारत के खिलाफ होने वाले तीसरे एकदिवसीय मैच से पहले कीवी टीम ने तेज गेंदबाज क्रिस्टियन क्लार्क को टीम से जोड़ा है। दूसरे वनडे के दौरान बल्लेबाजी करते समय ब्लेयर टिकनर चोटिल हो गए थे, जिसके चलते उन्हें अनिवार्य सात दिन के ब्रेक पर रहना होगा। वहीं तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन चोट के कारण चौथे और पांचवें एकदिवसीय से बाहर हो चुके हैं।
हैमिल्टन, नौ नवंबर न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ मंगलवार को यहां होने वाले तीसरे एकदिवसीय से पहले तेज गेंदबाज क्रिस्टियन क्लार्क को ब्लेयर टिकनर के कवर के तौर पर टीम में शामिल किया है। मेजबान टीम मौजूदा शृंखला में कई खिलाड़ियों के चोटिल होने की समस्या से जूझ रही है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन दाईं पिंडली की मांसपेशियों में मामूली खिंचाव से पूरी तरह उबरने में नाकाम रहने के कारण चौथे और पांचवें एकदिवसीय से बाहर हो गए हैं। उन्हें यह चोट टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला के दौरान लगी थी। दूसरे एकदिवसीय में बल्लेबाजी करते समय टिकनर गेंद लगने से चोटिल हो गए थे। हालांकि उन्हें कनकशन (सिर में चोट के कारण बेहोशी जैसी स्थिति) नहीं है लेकिन उनकी जगह एकादश में मैट फिशर को शामिल किए जाने के कारण उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी से पहले सात दिन के अनिवार्य ब्रेक के नियम का पालन करना होगा। ऑकलैंड में डेवोन कॉनवे के साथ टक्कर के बाद शुरू में कनकशन से उबरने की मंजूरी पाने वाले मैट हेनरी का वेलिंगटन में दोबारा आकलन किया गया। उन्हें अब चौथे एकदिवसीय से वापसी का लक्ष्य रखने की सलाह दी गई है। हेनरी और काइल जेमीसन को तीसरे एकदिवसीय के बाद वेलिंगटन में टेस्ट टीम के शिविर से जुड़ना था लेकिन अब वे चौथे एकदिवसीय के लिए भी टीम के साथ बने रहेंगे। चौथे और पांचवें एकदिवसीय के लिए टीम में दो खिलाड़ियों को शामिल किया जाना है। टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स और नाथन स्मिथ टेस्ट शृंखला की तैयारियां शुरू करने के लिए बुधवार को वेलिंगटन रवाना होंगे। भारत के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के लिए न्यूजीलैंड की टीम की घोषणा आगामी दिनों में की जाएगी।
न्यूजीलैंड की संशोधित एकदिवसीय टीम: तीसरा एकदिवसीय: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, काइल जेमीसन, निक केली, टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम साइफर्ट, नाथन स्मिथ और विल यंग। चौथा एकदिवसीय: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलेन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिच हे, मैट हेनरी, काइल जेमीसन, निक केली, टिम साइफर्ट और विल यंग। पांचवां एकदिवसीय: टीम की घोषणा होना बाकी है।
अन्य न्यूज़














