Lakshya Sen ने BWF World Championships में पहला गेम गंवाने के बाद फिलिमोन को दी मात

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के शुरुआती दौर में ऑस्ट्रिया के कॉलिन्स वैलेंटाइन फिलिमोन को 16-21, 21-8, 21-4 से हरा दिया। पहला गेम गंवाने के बाद 14वीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य ने रणनीति बदलते हुए लंबी रैलियों पर ध्यान दिया। अगले दौर में अब उनका मुकाबला अमेरिका के गैरेट टैन से होगा।
स्टार भारतीय पुरुष एकल बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के शुरुआती दौर में ऑस्ट्रिया के अपने से कम रैंकिंग वाले कॉलिन्स वैलेंटाइन फिलिमोन के खिलाफ कड़े मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद कहा कि पहला गेम गंवाने के बाद रणनीति में बदलाव करना उनके लिए फायदेमंद रहा। मेजबान देश के 14वीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य ने 45 मिनट चले मुकाबले में फिलिमोन को 16-21, 21-8, 21-4 से हराया। अब लक्ष्य का सामना अमेरिका के गैरेट टैन से होगा जिन्होंने स्विट्जरलैंड के टोबियास कुएंजी को 21-4, 21-15 से हराया।
लक्ष्य ने मैच के बाद कहा, ‘‘हां, मुझे लगता है कि पहले गेम में मैं काफी छोटे शॉट खेल रहा था। जब मैं ड्राइव लगाने की कोशिश कर रहा था तो मुझे अंक नहीं मिल रहे थे क्योंकि वह लंबा है और ऐसे शॉट आसानी से खेल सकता है। दूसरे गेम में मैंने खेल को थोड़ा खुला रखने की कोशिश की।
रैलियों में कुछ लिफ्ट शॉट खेले और फिर अपने शॉट लगाने में सफल रहा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पहले गेम में काफी गलतियां हुईं। खेल की रणनीति थोड़ी अलग थी लेकिन दूसरे और तीसरे गेम में मैंने कुछ चीजें बदल दीं।’’ लक्ष्य ने कहा कि जिस तरह से वह शुरुआत में खेल रहे थे वह सही नहीं था और उन्हें खेल को थोड़ा अपने अनुकूल करने के लिए फिलिमोन को लंबी रैलियों में उलझाना था। उन्होंने कहा, ‘‘मैं जिस तरह से खेल रहा था, वह सही नहीं था।
मुझे लगता है कि मुझे खेल को थोड़ा और खुला रखना था और उसे रैलियों में उलझाना था। दूसरे गेम में मैंने ऐसा ही किया। वह अपनी लंबाई का फायदा उठा रहा था और मुझे कोर्ट का ज्यादा हिस्सा कवर करना पड़ा।’’ लक्ष्य ने कहा कि शुरुआत में उनके लिफ्ट शॉट छोटे रह जा रहे थे, लेकिन छोर बदलने के बाद इस मामले में उन्होंने सुधार किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हां, मुझे लगता है कि मैंने ऐसे छोर से शुरुआत की जहां हवा चल रही थी इसलिए लिफ्ट पर शटल को नियंत्रित करना मुश्किल था। मेरे कई लिफ्ट काफी छोटे रह जा रहे थे। दूसरे गेम में मुझे पता था कि मैं बेहतर छोर पर हूं, इसलिए मैं खुलकर अपना खेल खेल सकता था।’’ लक्ष्य ने युवा आयुष शेट्टी की उपलब्धि पर गर्व जताया जिन्होंने शुरुआती दौर में मौजूदा विश्व चैंपियन और दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी चीन के शी यु की को हराकर बड़ा उलटफेर किया।
लक्ष्य ने कहा, ‘‘हां, मैंने मैच देखा और यह शानदार जीत थी। हम सभी आयुष की जीत के लिए उसका समर्थन कर रहे थे और उसने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। मैं उसे आने वाले मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं देता हूं।
अन्य न्यूज़














