World Cup में Messi का 'हैट्रिक' वाला धमाका, Klose के महारिकॉर्ड की बराबरी कर रचा इतिहास

Lionel Messi
ANI

लियोनेल मेस्सी ने विश्व कप में अपनी पहली हैट्रिक लगाते हुए जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोसे के सर्वाधिक 16 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली, जिससे गत चैम्पियन अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को 3-0 से हरा दिया। यह मेस्सी के करियर की 61वीं हैट्रिक है और उन्होंने अपने 200वें अंतरराष्ट्रीय मैच में यह उपलब्धि हासिल की।

लियोनेल मेस्सी ने विश्व कप में पहली हैट्रिक लगाने के साथ मिरोस्लाव क्लोसे के सर्वाधिक 16 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली जिसके दम पर गत चैम्पियन अर्जेंटीना ने ग्रुप चरण के पहले मैच में अल्जीरिया को 3 . 0 से हरा दिया। अब मेस्सी के 16 विश्व कप गोल हो गए हैं जिससे वह जर्मनी के क्लोसे के साथ सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में बराबरी पर आ गए हैं। इंटर मियामी के अपने साथी रौद्रिगो डि पॉल के पास के दम पर मेस्सी ने शुरूआती मिनटों में पहला गोल दागा। दूसरा गोल दूसरे हाफ की शुरूआत में किया और तीसरा आखिरी मिनटों में दागा जिसके बाद दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया।

अर्जेंटीना के लिये सर्बिया और मोंटेनीग्रो के खिलाफ विश्व कप में पदार्पण के 20 साल बाद मेस्सी ने यह गोल दागा है। उन्होंने तब अपने पहले विश्व कप मैच में भी गोल किया था। टूर्नामेंट से पहले ही लग रहा था कि वह क्लोसे का रिकॉर्ड तोड़ देंगे लेकिन पहले ही मैच में तीन गोल करके उन्होंने इसकी बराबरी कर ली। यह उनके कैरियर की 61वीं और अर्जेंटीना के लिये खेलते हुए 11वीं हैट्रिक है। विश्व कप में लगातार पांचवें मैच में मेस्सी ने गोल दागा है। अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी ने जीत के बाद कहा ,‘‘ लियो के बारे में क्या कहूं, शब्द ही नहनीं है। हर फुटबॉलप्रेमी उसे खेलते देखना चाहता है और उसके खेल का आनंद लेता है।’’

पिछली बार कतर में हुए विश्व कप में अर्जेंटीना को पहले मैच में सउदी अरब ने हराया था लेकिन उसके बाद अपने अभियान को ढर्रे पर लाकर तीसरा विश्व खिताब जीता। अगले सप्ताह 39 वर्ष के होने जा रहे आठ बार के बलोन डिओर विजेता मेस्सी के खेल को देखकर कहीं नहीं लगा कि टूर्नामेंट से पहले वह जांघ की मांसपेशी में चोट से जूझ रहे थे। उनके नाम और भी गोल हो सकते थे लेकिन एक आफ साइड हो गया और दूसरा शॉट क्रॉसबार से टकरा गया।

अल्जीरिया के खिलाफ मैच मेस्सी के अंतरराष्ट्रीय कैरियर का 200वां मैच भी था। उन्होंने 18 वर्ष की उम्र में 2005 में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में पदार्पण किया था। उनसे अधिक मैच सिर्फ पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और कुवैत के बादेर अल मुतावा ने खेले हैं। रोनाल्डो बुधवार को अपना 229वां मैच खेलेंगे जबकि अल मुतावा के नाम 202 मैच हैं।

रोनाल्डो और मेस्सी ही ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने पांच विश्व कप में गोल किये हैं। अब अर्जेंटीना का सामना सोमवार को आस्ट्रिया से और 27 जून को जोर्डन से होगा। वहीं अल्जीरिया सोमवार को जोर्डन से और 27 जून को आस्ट्रिया से खेलेगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़