Lionel Messi का World Cup में नया Record, दीवाना हुआ Argentina, लगी 85 फुट ऊंची प्रतिमा

Lionel Messi
ANI

उत्तरी अमेरिका में चल रहे विश्व कप में 5 गोल दागकर लियोनेल मेस्सी ने सर्वाधिक 18 गोल का नया रिकॉर्ड बनाया है, जिससे पूरे अर्जेंटीना में 'मेस्सी मानिया' छा गया है। इस दीवानगी का आलम यह है कि पेटागोनिया में उनकी 26 मीटर ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है, जबकि ब्यूनस आयर्स में प्रशंसकों ने एक विशाल भित्ति चित्र बनाया है।

 अर्जेंटीना पर लियोनेल मेस्सी का जादू सर चढ़कर बोल रहा है जो उत्तरी अमेरिका में खेले जा रहे विश्व कप में अभी तक पांंच गोल करके फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड बना चुके हैं। इससे अर्जेंटीना में हर तरफ एक ही नाम की गूंज हो रही है और स्वाभाविक है कि वह नाम मेस्सी का है। असल में मेस्सी के प्रति अर्जेंटीना का जुनून भव्य रूप ले चुका है। पेटागोनिया के एक दूरस्थ शहर में उनकी 26 मीटर ऊंची प्रतिमा खड़ी है तो ब्यूनस आयर्स के एक उपनगर में 1,300 से अधिक प्रशंसकों द्वारा हस्ताक्षरित एक भित्ति चित्र उस कप्तान का गुणगान करता है जो पूरे देश को एक धागे में पिरोता है।

पैटागोनिया के सुदूर दक्षिणी शहर कुट्रल को के बाहरी इलाके में 70 टन स्टील और लोहे से बनी मेस्सी की 26 मीटर (85 फुट) ऊंची प्रतिमा खड़ी है। यह खिलाड़ी घुटनों के बल बैठा है, उनके पैरों के बीच 2022 में जीती गई विश्व कप ट्रॉफी है और एक हाथ ऊपर उठा हुआ है। मानो वह मार्ग संख्या 22 पर यात्रा कर रहे वाहन चालकों का अभिवादन कर रहा हो। यहां तक ​​कि पेटागोनिया की तेज हवा भी इस स्मारक को गिरा नहीं सकती, जिसका उद्घाटन 16 जून को अर्जेंटीना के विश्व कप में पहले मैच के दौरान किया गया था, जब टीम ने एक बार फिर मेस्सी के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन किया, जिन्होंने तीन गोल करके अल्जीरिया पर जीत पक्की की।

स्थानीय अधिकारियों और इसे डिजाइन करने वाले मूर्तिकार का कहना है कि यह टीम के कप्तान को समर्पित अब तक की सबसे बड़ी प्रतिमा है। मेस्सी बुधवार को अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं। मूर्तिकार61 वर्षीय एल्डो बेरोइसा ने कहा, ‘‘वह अर्जेंटीना के लिए सबसे बड़े दूत हैं। मेरे लिए एक कलाकार ही नहीं अर्जेंटीना का नागरिक होने के नाते भी यह काफी मायने रखता है।’’ यह आलम केवल एक शहर का नहीं है बल्कि पूरा अर्जेंटीना ही पूरी तरह से ‘मेस्सी मानिया’ की गिरफ्त में है। उन्होंने पहले मैच में हैट्रिक बनाई और दूसरे मैच में भी टीम की तरफ से दोनों गोल करके अपने विश्व कप में कुल गोल की संख्या 18 पर पहुंचाई।

यह विश्व कप का नया रिकॉर्ड है। दुनिया भर में मेस्सी की कई भित्ति चित्र हैं। हालांकि, ब्यूनस आयर्स के उपनगर बेराज़ेटेगुई में बना चित्र सबसे अलग है। इसमें खिलाड़ी के मुस्कुराते चेहरे के चारों ओर उनके सैकड़ों प्रशंसकों के नाम लिखे हुए हैं। लगभग छह मीटर चौड़ी और 5.5 मीटर ऊंचे (20 गुणा 18 फीट) इस भित्ति चित्र ने मेस्सी का ध्यान भी आकर्षित किया। उन्होंने इसे अद्भुत करार देते हुए उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया था जिन्होंने इसको तैयार करने में योगदान दिया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़