Lionel Messi ने रचा नया कीर्तिमान, White House में सम्मानित होने वाली पहली MLS Team बनी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में लियोनेल मेसी और उनकी टीम इंटर मियामी को एमएलएस कप जीतने के लिए सम्मानित किया है। इस ऐतिहासिक समारोह में ट्रंप ने अपने बेटे बैरन को मेसी का प्रशंसक बताया और क्रिस्टियानो रोनाल्डो व पेले जैसे दिग्गज खिलाड़ियों का भी जिक्र किया।
अमेरिका में फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी को हाल ही में एक खास सम्मान मिला। दरअसल इंटर मियामी की मेजर लीग सॉकर कप जीत के बाद टीम को व्हाइट हाउस आमंत्रित किया गया, जहां अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मेसी और पूरी टीम का सम्मान किया।
यह समारोह व्हाइट हाउस में आयोजित किया गया, जहां इंटर मियामी की ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर खिलाड़ियों को बधाई दी गई। मौजूद जानकारी के अनुसार यह पहली बार है जब ट्रंप के कार्यकाल में किसी मेजर लीग सॉकर टीम को इस तरह व्हाइट हाउस बुलाकर सम्मानित किया गया।
बता दें कि पिछले वर्ष इंटर मियामी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजर लीग सॉकर कप अपने नाम किया था। इस जीत में लियोनेल मेसी की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि उनके टीम में आने के बाद से क्लब का प्रदर्शन लगातार बेहतर हुआ है।
समारोह के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने हल्के मजाकिया अंदाज में मेसी का स्वागत करते हुए कहा कि यह उनके लिए खास अवसर है, क्योंकि किसी अमेरिकी राष्ट्रपति को पहले कभी लियोनेल मेसी का व्हाइट हाउस में स्वागत करने का मौका नहीं मिला था।
गौरतलब है कि इस कार्यक्रम में ट्रंप ने अपने बेटे बैरन ट्रंप का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि उनका 19 वर्ष का बेटा मेसी का बड़ा प्रशंसक है और फुटबॉल को काफी करीब से देखता और समझता है।
ट्रंप ने बताया कि उनके बेटे ने सुबह ही उन्हें याद दिलाया कि आज व्हाइट हाउस में मेसी आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि बैरन न केवल फुटबॉल का बड़ा प्रशंसक है बल्कि मेसी को एक शानदार खिलाड़ी और अच्छे व्यक्तित्व वाले इंसान के रूप में भी देखता है।
समारोह के दौरान ट्रंप ने फुटबॉल की चर्चा करते हुए एक और दिग्गज खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि रोनाल्डो भी शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन मेसी का खेल भी उतना ही प्रभावशाली माना जाता है।
मौके पर ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में यह भी सवाल किया कि क्या मेसी महान फुटबॉलर पेले से बेहतर खिलाड़ी माने जा सकते हैं। उनके इस सवाल पर समारोह में मौजूद लोगों के बीच हल्की मुस्कान और तालियों की गूंज भी सुनाई दी।
कार्यक्रम में इंटर मियामी के कई खिलाड़ी मौजूद रहे, जिनमें लुईस सुआरेज़ और रोड्रिगो डी पॉल भी शामिल रहे हैं। इसके अलावा मेजर लीग सॉकर के आयुक्त डॉन गार्बर भी इस समारोह में उपस्थित रहे।
इस दौरान इंटर मियामी की ओर से लियोनेल मेसी ने डोनाल्ड ट्रंप को टीम की ओर से हस्ताक्षर किया हुआ फुटबॉल भेंट किया। वहीं क्लब के सह-मालिक होर्हे मास और मुख्य कोच हावियर माशेरानो ने ट्रंप को इंटर मियामी की जर्सी और एक विशेष घड़ी उपहार के तौर पर दी।
यह समारोह फुटबॉल और खेल भावना को लेकर एक यादगार पल बन गया, जहां अमेरिका के राष्ट्रपति ने दुनिया के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल लियोनेल मेसी और उनकी टीम की उपलब्धि का सम्मान किया।
अन्य न्यूज़














