भारत के खिलाफ Test Series में जलवा बिखेरने को तैयार Matt Henry, चोट से उबरकर भरी हुंकार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी चोट से उबरने के बाद 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू हो रही भारत के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की श्रृंखला के लिए तैयार हैं। अभ्यास के दौरान साथी खिलाड़ी डेवोन कॉनवे से टकराने के कारण वह तीसरे वनडे से बाहर रहे थे। हेनरी आगामी व्यस्त कार्यक्रम में तेज गेंदबाजों के कार्यभार प्रबंधन को लेकर भी आश्वस्त हैं।

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी अपनी हाल की चोट को भुलाकर भारत के खिलाफ 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होने वाली दो टेस्ट मैच की श्रृंखला और टीम के आगे के व्यस्त कार्यक्रम में अपना अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हेनरी अभ्यास सत्र के दौरान अपने साथी खिलाड़ी डेवोन कॉनवे से टकराने के बाद चोटिल हो गए थे जिसके कारण उन्हें भारत के खिलाफ तीसरे वनडे मैच से बाहर होना पड़ा था। इस तेज गेंदबाज की हालत में हालांकि काफी सुधार हुआ है और वह शुक्रवार को यहां होने वाले चौथे वनडे में वापसी करने के लिए तैयार हैं।

इस 34 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, ‘‘मैं थोड़ा बदकिस्मत रहा हूं। शुक्र है कि स्थिति में सुधार हो रहा है। यह थोड़ा निराशाजनक रहा है लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमारे पास अभी भी खेलने के लिए बहुत क्रिकेट बाकी है।

गर्मियों का यह सत्र रोमांचक होने वाला है।’’ हेनरी को न्यूजीलैंड की 14 सदस्यीय टेस्ट टीम में कॉनवे, रचिन रविंद्र और टॉम ब्लंडेल के साथ शामिल किया गया है, जो सभी चोटों से उबर रहे हैं। वह जांघ की मांसपेशियों में मामूली खिंचाव से ज्यादा चिंतित नहीं है लेकिन आगे के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए सतर्क रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘चिंता की कोई खास बात नहीं है।

आगे हमें बहुत क्रिकेट खेलना है और इसलिए सावधानी बरतना जरूरी है।’’ अभ्यास सत्र के दौरान कॉनवे के साथ हुई टक्कर के बारे में बात करते हुए हेनरी ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों को एक दूसरे के आने के बारे में पता नहीं चला। उन्होंने कहा, ‘‘यह बिल्कुल भी अच्छा नहीं हुआ। हम फील्डिंग का अभ्यास कर रहे थे और दुर्भाग्य से दोनों को एक-दूसरे के आने का पता नहीं चला, जिससे डेव (कॉनवे) और मेरा सिर आपस में टकरा गए।

यह बिल्कुल भी अच्छा नहीं था। मैं अभी तक डेव से नहीं मिला हूं। वह अभी घर पर है और मैं उससे मिलने को लेकर उत्सुक हूं।’’ न्यूजीलैंड को अब से लेकर अगले साल मार्च तक 10 टेस्ट मैच खेलने हैं और हेनरी ने कहा कि तेज गेंदबाजों के कार्यभार का प्रबंधन करना कोई चुनौती नहीं होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास कई अच्छे गेंदबाज हैं। हमारे पास बड़ी टीम है और हम जानते हैं कि हमें आगे काफी क्रिकेट खेलनी है। कार्यभार प्रबंधन हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है।

हमें बहुत क्रिकेट खेलनी है लेकिन यह सब परिस्थितियों के साथ बदलता रहता है। ऐसे में आपस में लगातार बातचीत करते रहना सबसे अहम होगा।’’ विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के संदर्भ में भारत के खिलाफ श्रृंखला महत्वपूर्ण होगी, लेकिन हेनरी ने कहा कि न्यूजीलैंड परिणाम के बजाय अपने स्वयं के प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए यह सबसे महत्वपूर्ण है कि हम अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करें।

हम उसी तरह की क्रिकेट खेलने की कोशिश करेंगे जैसे हम खेलते आए हैं। घरेलू मैदान पर खेलना भी हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह महत्वपूर्ण श्रृंखला है लेकिन हमें अपने घरेलू मैदानों पर खेलना पसंद है और हम भारत के खिलाफ खेलने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़