IPL 2027: मोहम्मद शमी राजस्थान रॉयल्स में शामिल, लखनऊ सुपर जायंट्स से हुआ ट्रेड

भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आगामी सत्र में राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में खेलते नजर आएंगे। दोनों फ्रेंचाइजी के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली के तहत शमी आठ करोड़ रुपये की संशोधित फीस पर राजस्थान पहुंचे हैं। वहीं इंग्लैंड के सैम कुरेन लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बने हैं।
भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आईपीएल के 2027 सत्र में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और राजस्थान रॉयल्स के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली हुई है। इसके तहत शमी और बाएं हाथ के स्पिनर एम. सिद्धार्थ राजस्थान रॉयल्स से जुड़ेंगे, जबकि इंग्लैंड के अनुभवी ऑलराउंडर सैम कुरेन लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का हिस्सा बनेंगे।
हाल ही में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले शमी को राजस्थान रॉयल्स ने आठ करोड़ रुपये की संशोधित कीमत पर अपनी टीम में शामिल किया है। शमी पिछले साल सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) से 10 करोड़ रुपये में लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़े थे। उनका नया करार हालांकि आठ करोड़ रुपये का होगा।
आईपीएल की ओर से मंगलवार को जारी बयान में कहा गया, ‘‘ दाएं हाथ के अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी आगामी आईपीएल 2027 सत्र में लखनऊ सुपर जायंट्स से ट्रेड होने के बाद राजस्थान रॉयल्स का प्रतिनिधित्व करेंगे। लखनऊ ने उन्हें 10 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन अब वह आठ करोड़ रुपये की संशोधित कीमत पर राजस्थान रॉयल्स से जुड़ेंगे।” छत्तीस वर्षीय शमी के आने से राजस्थान रॉयल्स का गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत होगा। अपनी धारदार गेंदबाजी और विकेट लेने की क्षमता के लिए पहचाने जाने वाले शमी ने अब तक आईपीएल के 132 मुकाबलों में 145 विकेट हासिल किए हैं।
अपनी सटीक गेंदबाजी और कसी हुई लाइन-लेंथ के लिए पहचाने जाने वाले सिद्धार्थ को उनकी मौजूदा 75 लाख रुपये की कीमत पर ट्रेड किया गया है। कुरेन राजस्थान रॉयल्स से लखनऊ सुपर जायंट्स में चले गए हैं। उन्हें उनकी मौजूदा 2.4 करोड़ रुपये की कीमत पर ट्रेड किया गया है।
कुरेन ने अब तक अपने आईपीएल करियर में 59 विकेट लेने के साथ 997 रन भी बनाए हैं। अपनी विविधतापूर्ण गेंदबाजी और दबाव के क्षणों में प्रभावी प्रदर्शन करने की क्षमता के लिए मशहूर कुरेन के जुड़ने से लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम को मजबूती मिलेगी। उनकी मौजूदगी से टीम को गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
अन्य न्यूज़













