National Athletics: Dev Meena-कुलदीप ने Pole Vault में रचा इतिहास, मिनटों में दो बार टूटा रिकॉर्ड!

Dev Meena
प्रतिरूप फोटो
X @India_AllSports
Ankit Jaiswal । May 25 2026 9:56PM

रांची में आयोजित राष्ट्रीय एथलेटिक्स में देव मीणा और कुलदीप कुमार ने पोल वॉल्ट में 5.45 मीटर का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित कर इतिहास रच दिया। इस प्रतियोगिता में एम श्रीशंकर, सर्वेश कुशारे और रविना जैसे अन्य एथलीटों ने भी अपने-अपने इवेंट्स में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया।

रांची के मोराबादी स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम में चल रही राष्ट्रीय वरिष्ठ एथलेटिक्स महासंघ प्रतियोगिता में रविवार का दिन भारतीय एथलेटिक्स के लिए बेहद खास साबित हुआ हैं। पोल वॉल्ट स्पर्धा में देव मीणा और कुलदीप कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया।

मौजूद जानकारी के अनुसार दोनों खिलाड़ियों ने 5.45 मीटर की ऊंचाई पार कर संयुक्त रूप से राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया हैं। यह मुकाबला इतना रोमांचक रहा कि कुछ ही मिनटों के भीतर रिकॉर्ड दो बार टूटा और फिर बराबर हो गया है।

गौरतलब है कि कुलदीप कुमार पहले से 5.41 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक थे, जिसे उन्होंने इसी महीने बनाया था। लेकिन प्रतियोगिता के दौरान पहले देव मीणा ने 5.42 मीटर की छलांग लगाकर नया रिकॉर्ड बनाया। इसके तुरंत बाद कुलदीप कुमार ने 5.45 मीटर पार कर रिकॉर्ड फिर अपने नाम कर लिया है।

हालांकि यह बढ़त ज्यादा देर नहीं टिक सकी क्योंकि देव मीणा ने भी जल्द ही 5.45 मीटर की छलांग पूरी कर रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। काउंटबैक के आधार पर देव मीणा को स्वर्ण पदक और कुलदीप कुमार को रजत पदक मिला है।

दोनों खिलाड़ी भोपाल की डीएसडब्ल्यू अकादमी में कोच घनश्याम यादव के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लेते हैं। प्रतियोगिता के बाद दोनों खिलाड़ियों ने 5.50 मीटर की कोशिश भी की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी हैं। देव मीणा ने प्रतियोगिता के बाद कहा कि ट्रैक की सतह थोड़ी चिपचिपी महसूस हो रही थी, इसलिए चोट से बचने के लिए सावधानी बरती गई। इसके बावजूद प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है।

बता दें कि दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए तय 5.25 मीटर का क्वालीफिकेशन मानक भी आसानी से हासिल कर लिया हैं। साथ ही उन्होंने पिछले वर्ष देव मीणा द्वारा बनाए गए 5.35 मीटर के मीट रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।

पोल वॉल्ट के अलावा पुरुष लंबी कूद में भी शानदार मुकाबला देखने को मिला। एम श्रीशंकर ने 8.08 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया हैं। उनका एक और प्रयास 8.21 मीटर का था, लेकिन जांच के बाद उसे फाउल घोषित कर दिया गया है।

लंबी कूद में एस लोकेश दूसरे और मोहम्मद अत्ता साजिद तीसरे स्थान पर रहे है।

पुरुष ऊंची कूद में महाराष्ट्र के सर्वेश अनिल कुशारे ने 2.28 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया हैं। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों का क्वालीफिकेशन मानक भी हासिल किया और तेजस्विन शंकर के मीट रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

सर्वेश ने इसके बाद 2.30 मीटर पार कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश की, लेकिन तीनों प्रयासों में असफल रहे हैं। तमिलनाडु के आदर्श राम ने 2.22 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक और राष्ट्रमंडल खेलों का टिकट हासिल किया हैं।

पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ में तेजस अशोक शिर्से ने 13.50 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, लेकिन वह राष्ट्रमंडल खेलों के लिए तय 13.39 सेकंड के मानक से पीछे रह गए है। महिला 10 हजार मीटर पैदल चाल में हरियाणा की रविना ने 44 मिनट 29.66 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई किया हैं। वहीं प्रियंका गोस्वामी चौथे स्थान पर रहीं हैं।

महिला 100 मीटर बाधा दौड़ में तमिलनाडु की नंदिनी के ने स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा महिला हैमर थ्रो में पंजाब की मनप्रीत कौर पहले स्थान पर रहीं है। राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लगातार शानदार प्रदर्शन से यह साफ दिख रहा है कि भारतीय एथलेटिक्स अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से बढ़ रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़