Pragg और Erigaisi ने बुडापेस्ट में Fast Classical टूर्नामेंट की शुरुआत दो ड्रॉ के साथ की

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बुडापेस्ट में टोटल शतरंज विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट में भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा और अर्जुन एरिगैसी ने अपने-अपने ग्रुप में दोनों बाजियां ड्रॉ खेलीं। इस परिणाम के बाद दोनों खिलाड़ियों के खाते में दो-दो अंक जुड़ गए हैं। वहीं महिला चैलेंजर आर वैशाली को अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा।

(अपराजिता उपाध्याय) बुडापेस्ट, 12 नवंबर भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा और अर्जुन एरिगैसी ने यहां टोटल शतरंज विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट की ‘फास्ट क्लासिकल’ प्रतियोगिता में दो-दो ड्रॉ के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। प्रज्ञाननंदा को ग्रुप बी में जर्मनी के विन्सेंट कीमर ने दो बार बराबरी पर रोका, जबकि एरिगैसी ने ग्रुप डी में अमेरिकी खिलाड़ी हैंस नीमन के खिलाफ दोनों बाजियां ड्रॉ खेली। इस तरह से दोनों भारतीय खिलाड़ियों के अब दो-दो अंक हैं।

इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली तीसरी भारतीय खिलाड़ी आर वैशाली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वह अपने पहले मैच में फ्रांसीसी ग्रैंडमास्टर मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव से हार गई जबकि दूसरा मैच उन्होंने ड्रॉ कराया। महिला विश्व चैंपियनशिप की चैलेंजर 25 वर्षीय वैशाली ग्रुप डी में अंतिम स्थान पर हैं।

इस ग्रुप में वाचियर-लाग्रेव सबसे आगे हैं। एरिगैसी अपने ग्रुप में नीमन, वेस्ली सो और बिबिसारा असाउबायेवा के साथ दूसरे स्थान पर हैं। ग्रुप बी में फैबियानो कारुआना और लिएम ले चार-चार अंकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि प्रज्ञाननंदा और कीमर दो दो अंक लेकर बराबरी पर हैं।

ग्रुप ए में अलीरेज़ा फ़िरोज़जा और जान-क्रिस्टोफ़ डुडा में चार-चार अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। इयान नेपोम्नियात्ची ने ग्रुप सी में चार अंकों के साथ एकल बढ़त हासिल कर ली है। विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनीश गिरी के खिलाफ दो ड्रॉ से संतोष करना पड़ा।

दोनों खिलाड़ी ग्रुप सी में दो-दो अंकों के साथ तीसरे स्थान हैं। फास्ट क्लासिकल प्रारूप में प्रत्येक खिलाड़ी को 45 मिनट का समय मिलता है। पहली चाल से प्रत्येक चाल पर 30 सेकंड का अतिरिक्त समय जुड़ता जाता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़