Rishabh Pant की आक्रामक बल्लेबाजी शैली का Sairaj Bahutule ने किया बचाव

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के खेलने के तरीके का समर्थन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंत के स्वाभाविक खेल में जोखिम शामिल रहता है और हर दिन नतीजे पक्ष में नहीं आते। इसके साथ ही उन्होंने जसप्रीत बुमराह के विकेट न मिलने और रवींद्र जडेजा को बाहर रखने के फैसले पर भी टीम का रुख रखा।
भारत के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने शनिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की जोखिम भरी बल्लेबाजी शैली का समर्थन किया। उन्होंने जैकब डफी की गेंद पर पंत के आउट होने के बारे में कहा कि यह ऐसा दिन था जब चीजें इस विकेटकीपर बल्लेबाज के पक्ष में नहीं गईं। पंत ने मैच के अहम मौकों पर जोखिम भरे शॉट खेलने का एक ‘पैटर्न’ बना लिया है।
हालांकि इस तरीके से वे विरोधी टीम से मैच छीन सकते हैं, लेकिन जब ये शॉट काम नहीं आते तो टीम को इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ता है। जैसा कि डफी के खिलाफ देखने को मिला। पिछले टेस्ट में शतक लगाने वाले पंत उस समय आउट हुए जब भारत को साझेदारी की सख्त जरूरत थी।
वह डफी की गेंद पर आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। बहुतुले ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘वह एक अलग तरह के खिलाड़ी हैं। पिछले मैच में शतक लगाने के बाद वह अच्छी फॉर्म में हैं।
उनके खेलने के अंदाज में एक पैटर्न है, जिसमें वह जोखिम लेते हैं। कभी यह उनके पक्ष में जाता है तो कभी नहीं।’’ भारत के पूर्व लेग स्पिनर बहुतुले ने इस सवाल का सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि क्या पंत को मैच की स्थिति और टीम की जरूरत के हिसाब से अपने खेलने के अंदाज में बदलाव करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘उस समय साझेदारी की जरूरत थी और दुर्भाग्य से आज ऐसा नहीं हो पाया।
लेकिन वह ऐसे खिलाड़ी हैं, जो सकारात्मक अंदाज में खेलते हुए और अपनी प्रतिभा दिखाते हुए विपक्षी टीम से मैच छीन सकते हैं। ’’ बहुतुले ने पंत के खेलने के अंदाज का बचाव करते हुए कहा, ‘‘आज उनका शॉट काम नहीं आया, लेकिन यह उन दिनों में से एक था जब चीजें उनके पक्ष में नहीं रहीं। ’’ यह कुछ हद तक हैरानी की बात थी कि स्पिन गेंदबाजी कोच को उस दिन सवालों का सामना करना पड़ा जब भारत की बल्लेबाजी के ‘एक्स-फैक्टर’ और टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, दोनों ही सवालों के घेरे में थे।
बुमराह ने 270 गेंदें फेंकने के बावजूद कोई विकेट नहीं लिया। उनकी गेंदों की रफ्तार में भी स्पष्ट रूप से कमी दिखाई दी। हालांकि बहुतुले ने कहा कि बुमराह परिस्थितियों के अनुसार अपनी गेंदबाजी की रणनीति में बदलाव कर रहे हैं और विकेट लेने के मौके बना रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘वह ऐसे गेंदबाज हैं, जो पिच की जरूरत के अनुसार अपने स्पेल में गेंदबाजी करते हैं। अगर उन्हें लगता है कि पिच से सीम मूवमेंट मिल रहा है तो वह शुरुआत में अपनी पूरी ताकत लगाने के बजाय यह समझने की कोशिश करते हैं कि पिच से कितनी मदद मिल रही है। ’’ बहुतुले ने कहा, ‘‘अगर पिच पर ज्यादा गति है तो वह तेज गेंदें फेंक सकते हैं।
गेंदबाजी को लेकर उनका नजरिया काफी संतुलित है। उन्होंने विकेट लेने के मौके बनाए हैं और कई बार बल्लेबाजों को चकमा भी दिया है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘गेंदबाजी के नजरिये से यह भी देखना जरूरी है कि बल्लेबाज कितनी बार गलत शॉट खेलते हैं।
हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही विकेट लेने लगेंगे। ’’ बहुतुले ने रविंद्र जडेजा को अंतिम एकादश से बाहर रखने के भारत के फैसले पर भी सफाई दी। टीम ने चार विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों और स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर को शामिल किया था।
उन्होंने कहा कि बल्लेबाजी क्रम और परिस्थितियों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए यह संयोजन चुना गया। वाशिंगटन के बाएं हाथ का बल्लेबाज होने से भी टीम को संतुलन मिला। बहुतुले ने कहा, ‘‘जडेजा बेहतरीन ऑलराउंडर हैं और निश्चित रूप से वह टीम के लिए उपयोगी साबित होते।
लेकिन शीर्ष क्रम में चार बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और वाशिंगटन भी बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। ऐसे में वह एक अहम बल्लेबाज बन जाते हैं। हमें चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरना सही लगा।
’’ बहुतुले ने जोर देकर कहा कि जडेजा को चयन प्रक्रिया के दौरान टीम के फैसले के बारे में स्पष्ट रूप से बता दिया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘इस बारे में बातचीत पूरी तरह स्पष्ट थी। जडेजा को भी इसकी जानकारी थी।
परिस्थितियों के अनुसार चार तेज गेंदबाजों को टीम में रखना जरूरी था, ताकि वे बारी-बारी से गेंदबाजी कर सकें और विकेट लेने के मौके बना सकें। टीम का संयोजन पहले ही तय कर लिया गया था और इस बारे में स्पष्ट रूप से बता दिया गया था।
अन्य न्यूज़













