Tejaswin Shankar ने Commonwealth Games डेकाथलन में कांस्य जीतकर इतिहास रचा

Prabhasakshi Image

भारतीय एथलीट तेजस्विन शंकर ने ग्लास्गो में राष्ट्रमंडल खेलों की डेकाथलन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। वह राष्ट्रमंडल खेलों में डेकाथलन में पदक हासिल करने वाले और दो अलग-अलग स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। 7976 अंक हासिल करने वाले तेजस्विन ने घुटने की चोट से उबरकर यह उपलब्धि प्राप्त की।

राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी तेजस्विन शंकर ने घुटने की चोट के बाद शानदार वापसी करते हुए इतिहास रच दिया जब वह राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य जीतकर डेकाथलन स्पर्धा में पदक हासिल करने वाले पहले भारतीय बन गए। तेजस्विन ने दस खेलों की इस स्पर्धा में 7976 अंक बनाये।लंबे समय से चली आ रही घुटने की समस्या के कारण उन्होंने ग्लास्गो खेलों की ऊंची कूद स्पर्धा से नाम वापिस ले लिया था। उन्होंने बर्मिंघम में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में ऊंची कूद में कांस्य जीता था।

इसके साथ ही वह दो राष्ट्रमंडल खेलों में अलग अलग स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले भी पहले भारतीय बन गए। हांगझोउ एशियाई खेल 2023 के रजत पदक विजेता 27 वर्ष के तेजस्विन कनाडा के डेमियन वार्नर से पिछड़ गए जिन्होंने 8036 अंक लेकर रजत पदक जीता। पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता ग्रेनाडा के लिंडन विक्टर ने 8096 अंक लेकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

तेजस्विन ने नौवी स्पर्धा भालाफेंक के बाद तीसरा स्थान हासिल कर लिया था और 1500 मीटर में पांचवें स्थान पर रहने के बाद उसे बरकरार रखा।

All the updates here:

अन्य न्यूज़