New Zealand के Tim Seifert ने की भारतीय युवा तेज गेंदबाजों की तारीफ

न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने माउंट मोनगानुई में कहा कि भारतीय युवा तेज गेंदबाजी आक्रमण ने विदेशी पिचों से बेहतरीन तालमेल बिठाया है। अर्शदीप सिंह, अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़ और औकिब नबी के अनुशासित प्रदर्शन के दम पर भारत वनडे श्रृंखला में 2-0 से आगे है। चौथे मैच से पहले सीफर्ट ने स्पष्ट किया कि गिल और राहुल की गैरमौजूदगी से उनकी टीम को कोई विशेष लाभ नहीं मिलेगा।
न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने बृहस्पतिवार को भारत के युवा तेज गेंदबाजी आक्रमण की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने परिस्थितियों से अच्छी तरह तालमेल बिठाया और एक इकाई के रूप में काफी अच्छा प्रदर्शन किया। बाएं हाथ के गेंदबाज अर्शदीप सिंह और अपेक्षाकृत कम अनुभवी अंशुल कंबोज, गुरनूर बराड़ और औकिब नबी ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अनुशासित गेंदबाजी करते हुए पहले दो वनडे मैचों में न्यूजीलैंड को क्रमशः 185 और 134 रन पर आउट कर दिया। तीसरा मैच बारिश के कारण रद्द हो गया।
भारत अभी श्रृंखला में 2-0 से आगे है। सीफर्ट ने शुक्रवार को होने वाले चौथे वनडे की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो वे सभी बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। वे सभी कुछ न कुछ थोड़ा अलग करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि अर्शदीप का बाएं हाथ का गेंदबाज होना बहुत महत्वपूर्ण है।
लेकिन वे एक इकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वे सभी अलग-अलग तरह की गेंदबाज हैं और उनकी प्रशंसा करनी होगी कि पिछले दो मैचों में यहां के विकेटों पर उन्होंने ज्यादा गलतियां नहीं की। मुझे लगता है कि वह सब मिलकर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।’’ सीफर्ट ने भारतीय तेज गेंदबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कम अनुभव होने के बावजूद तेजी से परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने के लिए उनकी सराहना की।
उन्होंने कहा, ‘‘हम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे हैं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप किसके साथ खेल रहे हैं। चाहे आप ऑस्ट्रेलिया या इंग्लैंड के खिलाफ खेलें। उनके पास भी हर तरह के गेंदबाज हैं।
इसलिए मुझे लगता है कि उनकी तारीफ करनी चाहिए कि वे न्यूजीलैंड आए और इन विकेटों के अनुकूल ढल गए। इसके लिए वे प्रशंसा के पात्र हैं।’’ सीफर्ट ने कहा, ‘‘वे बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आप किसी भी टीम के खिलाफ खेलें, आपको विकेट और विपक्षी खिलाड़ियों के अनुसार खुद को ढालना ही होगा।’’ भारत आखिरी दो वनडे मैचों में नियमित कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल के बिना खेलेगा। टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर पहली बार वनडे टीम की कप्तानी करेंगे।
गिल और राहुल 19 नवंबर से शुरू होने वाली टेस्ट श्रृंखला की तैयारी के लिए टेस्ट टीम से जुड़ेंगे। सीफर्ट ने हालांकि इस बात को खारिज कर दिया कि उनकी अनुपस्थिति से न्यूजीलैंड को कोई विशेष फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम चाहे भारत की किसी भी टीम के खिलाफ खेलें या किसी भी अन्य टीम के खिलाफ खेलें, हम चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।
यहां हर कोई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर है। इसलिए जो भी उनकी जगह लेगा, वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेगा। हमारे मामले में भी ऐसा ही है।’’
अन्य न्यूज़














