आगरा में ताजमहल, स्वर्णिम इतिहास की झलक और मशहूर पेठा

Agra is a tourist destination for tourists
प्रीटी । Aug 30 2017 1:46PM

यहां विरासत के साथ साथ आधुनिक सुख सुविधाओं के सभी साधन मौजूद हैं, जैसे आरामदायक होटल, बाजार, मॉल, यातायात की सुविधा, मनोरंजन, व्यापार, क्रीडा, शिक्षा, कला संग्रहण आदि।

आगरा वैसे तो ताजनगरी के नाम से भी विख्यात है परंतु इसे भगवान श्रीकृष्ण की पौराणिक नगरी ब्रज का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है। यहाँ ताज महल के अतिरिक्त और भी कई आकर्षण के केंद्र है। यह शहर अतीत से जुड़ी जानकारियों का भंडार है। अफगान शासक सिकंदर लोधी के काल में आगरा को प्रतिष्ठा मिली जब लोधी ने इसे अपने साम्राज्य की राजधानी बनाया। इसके बाद वर्ष 1526 ईसवीं में मुग़ल शासक बाबर ने आगरा को अनूठी पहचान और सुन्दरता दिलाई। बाबर ने आगरा के निवासियों के जीवन में संस्कृति और जीवन शैली का एक नया अध्याय शुरू किया, जिसके बाद उस समय के सर्वश्रेष्ठ कारीगर, कलाकार, विद्वान, सैनिक, जमींदार और अन्य प्रतिभाशाली व्यक्तियों को उभरने का मौका मिला।

आगरा के अतीत का एक बहुत बड़ा हिस्सा आज भी वैसे ही देखा जा सकता है। चाहे वो स्मारकों और मकबरों के भीतर की अनुभूति हो, या विशाल इमारतों की भव्यता, या यहां की कला और संस्कृति के उदहारण, या यहां के लजीज पकवान, हर ओर एक स्वर्णिम अतीत की झलक जरूर दिख जाती है। पुराने आगरा की गलियों में आज भी इतिहास की गूँज सुनाई दे जाती है। यहां विरासत के साथ साथ आधुनिक सुख सुविधाओं के सभी साधन मौजूद हैं, जैसे आरामदायक होटल, बाजार, मॉल, यातायात की सुविधा, मनोरंजन, व्यापार, क्रीडा, शिक्षा, कला संग्रहण आदि। आइए जानते हैं आगरा के दर्शनीय स्थलों के बारे में-

ताजमहल- यह एक ऐसे सम्राट की कल्पना है जिसने विश्व को शाश्वत प्रेम का प्रतीक प्रदान किया। ताजमहल में आगंतुकों को अनूठी वास्तुकला, पत्थर के काम, जड़ाऊ काम, संगमरमर के काम, लकड़ी की नक्काशी आदि कार्यों को करीब से जानने का अवसर मिलता है। यही नहीं अमर प्रेम का प्रतिनिधित्व करते इस आलीशान शाही स्मारक का ना भूलने वाला अनुभव आपको यहां बार-बार आने को प्रेरित करेगा।

-आगरा के किले और फतेहपुर सीकरी की वास्तुकला भी आपको काफी भाएंगी।


-आगरा के बाग़-बगीचों तथा उन गलियों की सैर भी यादगार रहती है।


-आगरा के अविस्मरणीय स्मारक और इमारतों के साथ यहां का बेहतरीन आतिथ्य सत्कार, कला के उत्कृष्ट नमूने और लज़्ज़तदार खाना, इस शहर की यात्रा को यादगार बनाता है।


-पयर्टक आगरा में स्थित आगरा का किला, चीनी का रौज़ा, ताज नेचर वॉक, स्वामी जी महाराज की समाधि, राम बाग, महताब बाग, इत्माद-उद-दौला का मकबरा, सिकंदरा मरियम का मक़बरा, जामा मस्जिद, मंदिर बटेश्वर, बौद्ध मठ आदि भी देखने जा सकते हैं।


-फतेहपुर सीकरी में दरगाह-ए-शेख, पचीसी कोर्ट और जोधाबाई महल दर्शनीय हैं।


- फिरोजाबाद में भगवान बाहुबलि मंदिर दर्शनीय है।


खान पान

आगरा का पेठा, गजक, नमकीन, दालमोठ, कबाब कोरमा काफी प्रसिद्ध है। इसी प्रकार फतेहपुर सीकरी का मटन बिरयानी, वेज बिरयानी, दम बिरयानी, चाट घेवर प्रसिद्ध है।

खरीदारी

आगरा संगमरमर और बेहतरीन पच्चीकारी व जड़ाऊ काम वाले शिल्प के लिए प्रसिद्ध है। मुगल शासक भी कला और शिल्प को बढ़ावा और संरक्षण देने के लिए जाने जाते थे। आगरा अन्य शिल्प के लिए भी विख्यात है। मसलन चमड़े के उत्पाद, पीतल के उत्पाद, कालीन, ज्वेलरी और कढ़ाई के काम के लिए भी यह जाना जाता है।

प्रीटी

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़