Unlock 5 का तीसरा दिनः कोरोना से उबरने वालों की संख्या के मामले में भारत शीर्ष पर कायम

coronavirus

केरल में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी के मद्देनजर शनिवार सुबह से निषेधाज्ञा लागू की गई। इसके जारी रहने तक बैंक, दुकानें और वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों समेत किसी भी स्थान पर पांच से अधिक लोग इकट्ठा नहीं हो सकेंगे। सार्वजनिक परिवहनों की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं है।

भारत कोरोना वायरस से संक्रमण मुक्त हुए मरीजों की संख्या के मामले में विश्व में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है और दुनियाभर में इस रोग से उबरने वाले मरीजों में 21 प्रतिशत लोग भारत में हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के दुनिया में अब तक सामने आए कुल मामलों में 18.6 प्रतिशत मामले भारत में हैं। संक्रमित मरीजों की बहुत कम मृत्युदर (सीएफआर) वाले गिने चुने देशों में भारत भी शामिल है। वैश्विक स्तर पर सीएफआर 2.97 प्रतिशत है, जबकि भारत में यह 1.56 प्रतिशत है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारत उन देशों में शामिल है, जहां प्रति 10 लाख जनसंख्या में कोविड-19 से मरने वाले लोगों की संख्या बहुत कम है। प्रति 10 लाख की जनसंख्या पर वैश्विक औसत (कोविड-19 से मरने वाले मरीजों की) 130 है, जबकि भारत में प्रति 10 लाख लोगों में से 73 लोगों की इस महामारी से मौत हुई है।’’ शनिवार सुबह आठ बजे के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 75,628 मरीज स्वस्थ हुए और इसके साथ ही भारत में संक्रमण मुक्त हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 54,27,706 हो गई। देश में कोविड-19 से लोगों के ठीक होने की दर 83.84 प्रतिशत हो गई है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘कोविड-19 के बाद स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या के मामले में भारत दुनिया में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है। विश्व में संक्रमण के बाद स्वस्थ हुए मरीजों में से 21 प्रतिशत भारत में हैं। विश्व में संक्रमण के अब तक सामने आए कुल मामलों में भारत में 18.6 प्रतिशत मामले हैं।’’ मंत्रालय ने बताया कि जो लोग पिछले 24 घंटे में संक्रमण मुक्त हुए हैं, उनमें से 74.36 प्रतिशत मरीज 10 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। इनमें महाराष्ट्र के बाद आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में सर्वाधिक लोग संक्रमण मुक्त हुए हैं। उसने बताया कि देश में इस समय 9,44,996 मरीज उपचाराधीन हैं, जो कि कुल मामलों का 14.60 प्रतिशत है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारत में लगातार 12वें दिन कोविड-19 संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 10 लाख से कम रही।’’ उसने बताया कि करीब 77 प्रतिशत उपचाराधीन मामले 10 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में है। इस मामले में 2.6 लाख से अधिक मरीजों के साथ महाराष्ट्र शीर्ष पर है। देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 79,476 नए मामलों की पुष्टि हुई। मंत्रालय ने बताया कि इन 79,476 मामलों में से 78.2 प्रतिशत मामले 10 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में सामने आए हैं। महाराष्ट्र में सर्वाधिक करीब 16,000, केरल में 9,258 और कर्नाटक में 8,000 से अधिक नए मामले सामने आए। आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में जिन 1,069 लोगों की मौत हुई, उनमें से 84.1 प्रतिशत लोगों की मौत 10 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में हुई। महाराष्ट्र में सर्वाधिक 424 और इसके बाद कर्नाटक में 125 लोगो की मौत हुई। मंत्रालय के अनुसार देश में संक्रमण के 79,476 नए मामले सामने आने के बाद कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 64,73,544 हो गई। वहीं, पिछले 24 घंटे में 1,069 मरीजों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1,00,842 हो गई।

पश्चिम बंगाल में कोविड-19 के 3,340 नये मामले

पश्चिम बंगाल में शनिवार को कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक 3,340 नये मामले सामने आये जिससे राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,66,974 हो गई। वहीं 62 और मरीजों की मौत हो जाने से राज्य में मृतक संख्या बढ़कर 5,132 हो गई। यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने अपनी बुलेटिन में दी। विभाग ने कहा कि पिछले 24 घंटे में 3,013 मरीज संक्रमण से ठीक हो गए। ठीक होने की दर अभी 87.92 प्रतिशत है। बुलेटिन में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में वर्तमान में 27,130 उपचाराधीन मामले हैं।

महाराष्ट्र में कोविड-19 के 14,348 नए मामले

महाराष्ट्र में कोविड-19 के14,348 नये मामले सामने आने से राज्य में संक्रमितों की संख्या शनिवार को बढ़कर 14,30,861 हो गई। यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने दी। विभाग ने बताया कि दिन में 278 और मरीजों की संक्रमण से मौत हो जाने से राज्य में मृतक संख्या बढ़कर 37,758 हो गई। विभाग ने कहा कि शनिवार को 16,835 मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई जिससे राज्य में अभी तक ठीक हुए मरीजों की संख्या बढ़कर 11,34,555 हो गई। राज्य में वर्तमान में 2,58,108 उपचाराधीन मरीज हैं। राज्य में अभी तक कुल 70,35,296 जांच हुई हैं।

गुजरात में कोविड-19 के 1,343 नए मामले

गुजरात में बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस संक्रमण के 1,343 नए मामले सामने आने के बाद शनिवार को संक्रमितों की कुल संख्या 1,41,398 हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानककारी दी है। विभाग ने एक बयान में कहा कि इस दौरान 12 रोगियों की मौत हुई है, जिसके बाद मृतकों की कुल तादाद 3,490 हो गई है। बयान में कहा गया है कि बीते 24 घंटे के दौरान 1,304 लोगों को संक्रमण से उबरने के बाद छुट्टी दी गई है, जिसके साथ ही ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 1,21,119 हो गई है।

इसे भी पढ़ें: ओबामा, जो बाइडेन समेत कई नेताओं ने की ट्रंप के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

तमिलनाडु में संक्रमण के कुल मामले 6.14 लाख

तमिलनाडु में कोरोना वायरस संक्रमण के 5,622 नए मामले सामने आने के बाद शनिवार को संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 6,14,507 हो गई। राज्य में कोविड-19 से 65 और मरीजों की मौत हो गई जिसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 9,718 पर पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एक बुलेटिन के अनुसार तीन अक्टूबर तक कोविड-19 के 5,58,534 मरीज ठीक हो चुके हैं और वर्तमान में 46,255 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य की राजधानी चेन्नई में संक्रमण के 1,364 नए मरीज सामने आए।

दिल्ली में स्थिति अब बेहतर: जैन

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने शनिवार को कहा कि सितम्बर की तुलना में शहर में अब कोविड-19 की स्थिति काफी बेहतर है और दैनिक मामलों में कमी आनी शुरू हो गई है। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि दिल्ली दूसरे नंबर पर थी, लेकिन अब कोविड-19 मामलों की संख्या के मामले में गिरकर देश में छठे स्थान पर आ गई है। जैन ने दोहराया कि दिल्ली सरकार ने जांच क्षमता को तेजी से बढ़ाया और इसी कारण सितम्बर में लंबी अवधि तक कोविड-19 के मामलों में बढ़ोत्तरी देखी गई। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन अब मामलों की संख्या कम होना शुरू हो गई है। संक्रमित होने की दर अब पहले से 8.5 प्रतिशत से कम होकर 5.5 प्रतिशत से नीचे आ गई है। इसलिए अब स्थिति पहले से काफी बेहतर है।’’ अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को कोविड-19 से 37 और लोगों की मौत हो गई थी जिससे मृतक संख्या 5,438 पहुंच गई थी जबकि 2,920 नये मामले सामने आने के मामलों का कुल आंकड़ा 2.85 लाख से अधिक हो गया।

जम्मू-कश्मीर में कोविड-19 के 975 नए मामले

जम्मू-कश्मीर में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 975 मामले सामने आए और महामारी से 19 और मरीजों की मौत हो गई। इसके बाद संघ शासित प्रदेश में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 78,228 हो गई और मृतकों की संख्या 1,231 पर पहुंच गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जम्मू क्षेत्र में संक्रमण के 591 नए मामले सामने आए और कश्मीर घाटी में 384 मामले सामने आए। जम्मू जिले में सर्वाधिक 403 और श्रीनगर में 150 नए मामले सामने आए। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में वर्तमान में 15,646 मरीजों का इलाज चल रहा है और अब तक 61,351 मरीज ठीक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से जम्मू में 11 और घाटी में आठ मरीजों की मौत हो गई।

दिल्ली में कोविड-19 के 2,258 नये मामले

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को कोविड-19 के 2,258 नये मामले सामने आने के बाद मामलों की कुल संख्या 2.87 लाख से अधिक हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इस महामारी से 34 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 5,472 हो गई। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 2,920 नये मामले सामने आये थे। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार कोविड-19 के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 2,87,930 हो गई जबकि मृतकों की संख्या 5,472 पहुंच गई है। बुलेटिन के अनुसार दिल्ली में 2,57,224 लोग स्वस्थ हो गये है या उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।

इसे भी पढ़ें: कोरोना के मामले घटने लगे हैं, क्या भारत में धीमी पड़ गयी है संक्रमण की रफ्तार ?

त्रिपुरा में कोविड-19 के 190 नये मामले

त्रिपुरा में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 190 नये मामले समाने आये, जिससे पूर्वोत्तर के इस राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 26,552 हो गयी। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में छह और संक्रमित मरीजों की मौत हो गयी, जिससे इस महामारी से मरने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़ कर 286 हो गयी। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार से अब तक 301 मरीजों को इस रोग से उबरने के बाद जी बी पंत अस्पताल से छुट्टी दी गयी, जिसके बाद प्रदेश में संक्रमण मुक्त होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ कर 20,874 हो गयी है। अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में कोविड-19 के फिलहाल 5,369 मरीज इलाजरत हैं, जबकि 23 मरीज दूसरे राज्यों में चले गये हैं।

महाराष्ट्र ने रेस्तरां खोलने के लिए दिशानिर्देश जारी किये

महाराष्ट्र सरकार ने रेस्तरां और खाने पीने की अन्य दुकानों को पांच अक्टूबर से खोलने की अनुमति दी है साथ ही इनके लिए कोविड-19 सुरक्षा दिशानिर्देश जारी किए हैं। महाराष्ट्र में सोमवार से होटल, रेस्तरां और जलपान गृहों को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दी गई है। दिशानिर्देश के मुताबिक प्रवेश द्वारा पर ग्राहकों में बुखार, खांसी और जुकाम आदि कोविड-19 लक्षणों की जांच होगी। दिशानिर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि खाते समय को छोड़कर बाकी समय मास्क लगाना अनिवार्य है। खाना आने का इंतजार करते वक्त सामाजिक दूरी के नियम का पालन किया जाना चाहिए। दिशानिर्देश में कहा गया है कि संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने के उद्देश्य से ग्राहकों से उनकी जानकारी प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों से साझा करने की सहमति ली जानी चाहिए। इसके मुताबिक सेनिटाइजर उपलब्ध कराया जाना चाहिए और डिजिटल भुगतान को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। साथ ही नकद लेते वक्त सभी एहतियात बरते जाने चाहिए। शौचालयों और हाथ धोने वाले स्थानों की नियमित सफाई की जानी चाहिए। दिशानिर्देश में कहा गया कि काउंटर पर कांच या किसी प्रकार का अवरोधक लगाया जाना चाहिए। इसके साथ ही रेस्तरां में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था करने को कहा गया है। दिशानिर्देश के मुताबिक पूरे परिसर में सीसीटीवी चालू हालत में होने चाहिए और पके हुए खाने को ही मैन्यु में शामिल किया जाना चाहिए। इसके साथ ही फर्नीचर को भी रोजाना रोगाणुमुक्त करने को कहा गया है।

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल कोरोना वायरस से संक्रमित

झारखंड में कोरोना से आठ और मरीजों की मौत

झारखंड में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण से आठ और लोगों की मौत हो गयी जिससे राज्य में मृतकों की कुल संख्या 729 तक पहुंच गयी। इसके साथ ही राज्य में शनिवार को संक्रमण के 736 नये मामले सामने आये जिन्हें मिलाकर यहां संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 85400 हो गयी। स्वास्थ्य विभाग की एक रिपोर्ट के अनुसार राज्य में पिछले 24 घंटों में आठ और मरीजों की मौत हो गयी। इनमें से तीन-तीन मृतक रांची और पूर्वी सिंहभूम के थे। इसके अलावा राज्य में संक्रमण के 736 नए मामले दर्ज किये गये। राज्य के 85400 संक्रमितों में से 73428 अब तक ठीक होकर अपने घरों को लौट चुके हैं। इसके अलावा 11243 संक्रमितों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। नए संक्रमितों में 306 लोग रांची से हैं जबकि 67 लोग पूर्वी सिंहभूम से हैं।

राजस्थान में संक्रमण से 14 और मरीजों की मौत

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से शनिवार को 14 और मरीजों की मौत हो गई जिससे राज्य में इस महामारी से मृतकों का आंकड़ा 1,530 तक पहुंच गया जबकि 2,150 नये मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 1,41,846 हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार की शाम छह बजे तक पिछले 24 घंटों में राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 14 और मरीजों की मौत हुई हैं जिससे मृतकों की संख्या अब बढ़कर 1,530 हो गयी। राजधानी जयपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक 325, जोधपुर में 147, बीकानेर में 115, अजमेर में 108, कोटा में 103, भरतपुर में 81 और पाली में 65 मरीजों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक कुल 1,19,241 लोग कोरोना वायरस संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। इसके साथ ही शुक्रवार को संक्रमण के 2,150 नये मामले सामने आने से राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या 1,41,846 हो गयी जिनमें से 21,075 रोगी उपचाराधीन हैं। जयपुर में 424, जोधपुर में 347, अलवर में 169, बीकानेर में 171, भीलवाड़ा में 155, अजमेर में 60 नये मामले सामने आये हैं।

उत्तर प्रदेश में वायरस के 3,665 नये मामले

उत्‍तर प्रदेश में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 3,665 नये मामले सामने आए जबकि 4,860 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गयी। अपर मुख्‍य सचिव (चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य) अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कोविड-19 की जांच बढ़ा दी गयी है। प्रदेश में शुक्रवार को एक दिन में सर्वाधिक कुल 1,53,533 नमूनों की जांच की गयी। प्रदेश में अब तक कुल 1,05,79,701 नमूनों की जांच की गयी है। उन्‍होंने बताया कि प्रदेश में 47,823 मरीजों का उपचार चल रहा है। घर पर पृथक-वास में 22,329 लोग हैं। प्रदेश में ठीक होने के बाद अब तक 3,56,826 मरीजों को छुट्टी मिल चुकी है। ठीक होने की दर 86.89 प्रतिशत है। प्रदेश में अब तक 2,22,297 संक्रमित मरीजों ने घर पर पृथक-वास का विकल्प चुना है। इनमें 1,99,968 लोग पृथक-वास की अवधि पूरा कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में 3,604 लोग उपचार करा रहे है।

लद्दाख, अरुणाचल, पुडुचेरी के हालात

केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख में कोरोना वायरस संक्रमण के 69 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,429 हो गई और पिछले 24 घंटे में 42 मरीज यहां स्वस्थ भी हुए हैं। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि महामारी की शुरुआत के बाद से इस क्षेत्र में 61 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से 35 लोगों की मौत करगिल में और 26 की मौत लेह जिले में हुई है। लद्दाख में अब 1,094 मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं अरुणाचल प्रदेश में आठ सुरक्षाकर्मियों समेत कम से कम 200 लोग संक्रमित मिले हैं, जिसके बाद राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,220 हो गई। राज्य में कोविड-19 के लिये निगरानी अधिकारी डॉक्टर एल जाम्पा ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के 54 वर्षीय एक उप निरीक्षक और सीमा सड़क कार्य बल (बीआरटीएफ) के 51 वर्षीय अधिकारी की संक्रमण से मौत हो गई। राज्य में अब तक 18 लोगों की मौत इस खतरनाक संक्रमण की वजह से हो चुकी है। उन्होंने बताया कि संक्रमण से बीते 24 घंटों में 134 लोग मुक्त हुए हैं और उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। राज्य में अब स्वस्थ होने की दर 70.28 फीसदी है। यहां अब 3,019 लोगों का इलाज चल रहा है, जबकि अब तक 7,183 लोग बीमारी से मुक्त हो चुके हैं। पुडुचेरी में कोरोना वायरस संक्रमण से दो और लोगों की मौत हो गई और इस केंद्र शासित प्रदेश में मृतकों की संख्या बढ़कर अब 534 हो गई है। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण निदेशक एस मोहन कुमार ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि संक्रमण के 225 नए मामले दर्ज हुए हैं, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 28,752 हो गई। उन्होंने बताया कि नए मामलों की जानकारी 3,410 नमूनों की जांच से हुई है। यहां अब 4,874 लोगों का इलाज चल रहा है और 23,344 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

इसे भी पढ़ें: कोविड-19 संकट ने प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाने के महत्व पर दिया जोर: प्रकाश जावड़ेकर

पूर्व के स्तर को पा लेंगे

नागरिक विमानन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शनिवार को कहा कि घरेलू हवाई यात्रियों की संख्या इस वर्ष के अंत तक कोविड-19 के पहले के स्तर तक पहुंच सकती है। पुरी ने कहा कि महामारी के कारण दो माह तक बंद रहने के बाद जब 25 मई से घरेलू उड़ान सेवा शुरू की गई तो यात्रियों की संख्या 30,000 थी जो अब बढ़कर प्रतिदिन 1.76 लाख यात्रियों पर पहुंच गई है। पुरी ने कहा, ‘‘25 मई को हमने नागरिक विमानन सेवाएं शुरू की थीं तो उस वक्त यात्रियों की संख्या 30,000 थी। आज मुझे जो आंकड़े मिले हैं उनके अनुसार शुक्रवार को यात्रियों की संख्या 1.76 लाख थी। हम दिवाली और इस वर्ष के अंत के बीच की अवधि में कोविड पूर्व के स्तर तक लगभग पहुंच जाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि एयरलाइंस, भारतीय हवाई अड्डा प्राधिकरण और अन्य पक्षकारों की एक बैठक बुलाई जाएगी और इस बात पर चर्चा की जाएगी कि चंडीगढ़ शहर से कितनी और उड़ानें शुरू की जा सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने मौजूदा तंत्र के भीतर ही चंडीगढ़ से संपर्क बढ़ाने पर विचार करेंगे।’’

इस साल के अंत तक कोविड-19 टीका

ब्रिटेन में इस साल के अंत तक कोविड-19 टीके को स्वास्थ्य नियामकों से हरी झंडी मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद छह महीने या उससे कुछ समय तक टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। ब्रिटिश मीडिया में आई एक खबर में यह जानकारी दी गई है। 'द टाइम्स' की खबर के अनुसार दिग्गज फार्मा कंपनी एस्ट्राजेनेका के साथ मिलकर ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय वैज्ञानिकों द्वारा बनाए जा रहे टीके का परीक्षण चल रहा है और दिसंबर में क्रिसमस तक इसे जरूरी मंजूरी मिल सकती है। समाचार पत्र ने टीका बनाने और उसके वितरण में शामिल ब्रिटेन सरकार के सूत्रों के हवाले से कहा कि मंजूरी मिलने के बाद वयस्कों के लिये छह महीने या उससे कुछ कम समय के लिये टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।

-नीरज कुमार दुबे 

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

All the updates here:

अन्य न्यूज़