बारिश के मौसम में मच्छरों से छुटकारा पाने के लिए अपनाएं यह घरेलू नुस्खे

mosquito

नीम के तेल का प्रयोग करके भी मच्छरों से छुटकारा पाया जा सकता है। इसके लिए आप नीम के तेल को अपने शरीर पर लगा सकते हैं या फिर नारियल के तेल में नीम का तेल मिलाकर उसका दिया कमरे में जला सकते हैं।

चिलचिलाती गर्मी के बाद मानसून में बारिश की फुहार से मन को सुकून पहुंचता है। लेकिन बारिश के मौसम में घरों में मच्छरों की संख्या भी बढ़ने लगती है। इस मौसम में मच्छरों के कारण डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियाँ फैलती हैं। मच्छरों को रोकने के लिए वैसे तो बाजार में बहुत सारी दवाएं और स्प्रे आदि मौजूद हैं लेकिन इनमें मौजूद केमिकल्स से स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचता है। आप मच्छरों से छुटकारा पाने के लिए कुछ घरेलू उपाय भी आजमा सकते हैं। आज के इस लेख में हम कुछ आपको मच्छरों से छुटकारा पाने के घरेलू उपाय बताएंगे। इससे न तो आपकी सेहत पर कुछ हानि होगी और मच्छर भी खत्म हो जाएंगे-

इसे भी पढ़ें: सेहत के साथी होते हैं यह बीज, डाइट में जरूर करें शामिल

नीम का तेल

नीम के तेल का प्रयोग करके भी मच्छरों से छुटकारा पाया जा सकता है। इसके लिए आप नीम के तेल को अपने शरीर पर लगा सकते हैं या फिर नारियल के तेल में नीम का तेल मिलाकर उसका दिया कमरे में जला सकते हैं। आप पुदीने के पत्तों का रस भी शरीर पर लगा सकते हैं, ऐसा करने से मच्छर दूर रहते हैं।

लैवेंडर

लैवेंडर एक बहुत ही अच्छा और खुशबूदार फूल है। आप लैवेंडर का इस्तेमाल मच्छरों को दूर भगाने के लिए भी कर सकते हैं। इस फूल की तेज खुशबू से मच्छर दूर भागते हैं। मच्छरों से छुटकारा पाने के लिए आप लैवेंडर के तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। आप लैवेंडर के तेल को अपने शरीर पर लगा सकते हैं या पूरे कमरे में रूम फ्रेशनर की तरह छिड़क सकते हैं।

कपूर

कपूर का इस्तेमाल हम आमतौर पर पूजा में करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप कपूर का इस्तेमाल करके मच्छरों से भी छुटकारा पा सकते हैं। इसके लिए बस कपूर को कमरे में जला कर रख दें और 10 मिनट के लिए खिड़की-दरवाजे बंद कर दें। ऐसा करने से सारे मच्छर भाग जाएंगे।

इसे भी पढ़ें: फायदेमंद है लहसुन, रखता है कई रोगों को दूर

लहसुन

आपको यह जानकर हैरानी होगी कि खाने में इस्तेमाल किए जाने वाले लहसुन से मच्छर से भी छुटकारा पाया जा सकता है। दरअसल, लहसुन की गंध के कारण मच्छर दूर भागते हैं। मच्छरों से छुटकारा पाने के लिए आप लहसुन का रस अपने शरीर पर लगा सकते हैं या फिर लहसुन के रस का छिड़काव भी कर सकते हैं।

नींबू और लौंग

आप नींबू और लौंग के इस्तेमाल से भी मच्छरों से छुटकारा पा सकते हैं। इसके लिए एक नींबू को आधा काट लें और इसके चारों तरफ लौंग खोसकर कमरे में रख दें। इस उपाय से मच्छर कमरे में नहीं आएँगे।

- प्रिया मिश्रा

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़