ब्रेड से नाश्ते पर बहुत चीजें बन सकती हैं, आजमा कर देखिये

recipe of bread related breakfast items
मिताली जैन । May 5 2018 6:26PM

जब भी सुबह के नाश्ते की बात होती है तो अक्सर घरों में ब्रेड, मक्खन व जैम का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन हर रोज ब्रेड को जैम या मक्खन के साथ खाने के लिए तैयार नहीं होता।

जब भी सुबह के नाश्ते की बात होती है तो अक्सर घरों में ब्रेड, मक्खन व जैम का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन हर रोज ब्रेड को जैम या मक्खन के साथ खाने के लिए तैयार नहीं होता। ऐसे में मन करता है कि ब्रेड को कुछ नए तरीके से खाया जाए या फिर कभी−कभी जब ब्रेड बच जाती है तो मन में ख्याल आता है कि इसे कुछ इस तरह से पेश किया जाए कि हर कोई उसे खाने के लिए तैयार हो जाए। तो आईए जानते हैं बची हुई ब्रेड को कुछ नए तरीके से बनाने की रेसिपी के बारे में−

ब्रेड चाट

ब्रेड चाट बनाने के लिए आपको ब्रेड के टुकड़ों के अतिरिक्त आधा कप मटर, आधा कप दही, एक चौथाई अनार के दाने, इमली की चटनी, हरी चटनी, भुना हुआ जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, चाट मसाला, उबले आलू, बारीक कटे प्याज व टमाटर, कटा हुआ हरा धनिया, सेव व बूंदी आदि सामग्री की आवश्यकता होगी। ब्रेड चाट बनाने के लिए आपको पहले कुछ तैयारियां करनी होंगी। मसलन, सबसे पहले आप कूकर में मटर डालकर उसमें हल्दी, नमक, लाल मिर्च, गरम मसाला व इमली का रस डालकर उबाल लें। इससे आपकी एक सेमीथिक ग्रेवी बन जाएगी, जिसे रगड़ा कहा जाता है। साथ ही ब्रेड चाट बनाने के लिए ब्रेड के टुकड़े क्रिस्पी होने चाहिए। इन्हें क्रिस्पी बनाने के लिए आप ब्रेड के टुकड़ों को ओवन में रखें या फिर इन्हें टोस्ट कर लें। वैसे जब ब्रेड पुरानी हो जाती है तो वह खुद ब खुद क्रिस्पी हो जाती है। इसके बाद आप दही में हल्का सा नमक व चीनी मिलाकर उसे अच्छे से फेंट लें। अब आप चाट आसानी से बना सकते हैं। इसके लिए एक सर्विंग डिश में कुछ ब्रेड के टुकड़े रखें। इसके बाद इसमें उबली हुई मटर विद ग्रेवी डालें। अब इसमें उबले हुए आलू के टुकड़े, कटे हुए प्याज, टमाटर डालें। अब इसमें थोड़ी सी इमली की चटनी और हरी चटनी डालें। अंत में इसमें लाल मिर्च, जीरा पाउडर, फेंटी हुई दही, चाट मसाला, सेव, बूंदी व हरा धनिया छिड़क दें। आप इस ब्रेड चाट को शाम के समय स्नैक्स की तरह खा सकते हैं।

ब्रेड उपमा

ब्रेड उपमा बनाने के लिए आपको ब्रेड के टुकड़ों के अतिरिक्त प्याज, हरी मिर्च, अदरक, हल्दी पाउडर, नींबू का रस, धनिया व स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी। वहीं तड़के के लिए आपको तेल के अतिरिक्त सरसों के बीज, जीरा, एक छोटा चम्मच उड़द की दाल, 8−10 काजू व करी पत्ते इस्तेमाल करने होंगे। सबसे पहले ब्रेड के टुकड़ों को छोटे टुकड़ों में काट लें या फूड प्रोसेसर की मदद से भी इनके टुकड़े किए जा सकते हैं। अब एक पैन में घी गरम करें व उसमें सरसों के बीज, जीरा, उड़द की दाल, काजू व करीपत्ता डालें। इसके पश्चात् इसमें प्याज डालें व हल्के हाथों से चलाएं। अब इसमें हल्दी पाउडर, हरी मिर्च व कसा हुआ अदरक डालें। अब इसमें कटे हुए ब्रेड के टुकड़े व नमक डालकर एक−दो मिनट के लिए चलाएं। अगर आप अंडा खाना पसंद करते हैं तो ब्रेड डालने के बाद आप एक अंडा तोड़कर उसे भी ब्रेड के साथ मिक्स कर सकते हैं। साथ ही इसमें थोड़ा सा गरम मसाला भी मिक्स किया जा सकता है। अब अंत में आप अपने स्वादानुसार इसमें थोड़ा सा नींबू का रस व बारीक कटा हुआ हरा धनिया मिलाकर सर्व करें। अगर आपके पास पुरानी ब्रेड है तो उससे ब्रेड उपमा बनाना एक अच्छा आईडिया हो सकता है। 

शाही टुकड़ा

ऐसा जरूरी नहीं है कि आप ब्रेड की मदद से कुछ नमकीन ही बनाएं। अगर आपका मीठा खाने का मन है तो आप वह भी ब्रेड की मदद से बना सकते हैं। ऐसी ही एक स्वीट डिश है शाही टुकड़ा। इसे घर पर पुरानी ब्रेड की मदद से आसानी से बनाया जा सकता है। इसे बनाने के लिए आपको तीन स्टेप करने होंगे। सबसे पहले दूध व चीनी की मदद से रबड़ी बनानी होगी। फिर आप चीनी व पानी की मदद से चाशनी बनाएं और अंत में ब्रेड को तैयार करना होगा। शाही टुकड़ा बनाने के लिए आपको ब्रेड के टुकड़ों के अतिरिक्त दूध, चीनी, पानी, घी, इलायची पाउडर, केसर व नट्स आदि की आवश्यकता होगी। इसे बनाने के लिए सर्वप्रथम किसी भारी तले वाले पैन में दूध गर्म करने के लिए रखें और मध्यम आंच पर दूध को चलाते हुए 40 से 45 मिनट तक पकाएं। इस तरह दूध पककर एक चौथाई रह जाएगा। अब इस दूध में चीनी, इलायची पाउडर व केसर मिलाएं व गैस को बंद कर दें।

अगर आप घर पर रबड़ी नहीं बनाना चाहतीं तो आप बाजार से स्वीटेंड कंडेंस्ड मिल्क भी खरीद सकती हैं। अब पानी में चीनी मिलाकर उसे उबालें। इससे आपकी चाशनी बन जाएगी। अब इसे एक तरफ रखें। अब ब्रेड को अपने मनपसंद शेप में काटें। इसे काटने के लिए आप कुकी कटर का भी उपयोग कर सकती हैं। अगर आप बच्चों के लिए शाही टुकड़ा बना रही हैं तो बेहतर होगा कि आप स्टार या अन्य किसी प्यारी सी शेप में ब्रेड के टुकड़े को काटें। अब एक फ्राइंग पैन में घी गर्म करें और इसमें ब्रेड को शैलो फ्राई करें। इस दौरान आपकी ब्रेड गोल्डन ब्राउन होकर क्रिस्पी हो जाएगी। अब इस ब्रेड को 30 सेंकड के लिए चाशनी में डुबोएं। अब इस ब्रेड को प्लेट में लगाएं और ब्रेड के ऊपर से रबड़ी डालें। इसके पश्चात् अपने शाही टुकड़े को सजाने व उसे और भी अट्रैक्टिव बनाने के लिए उस पर कटे हुए नट्स रखें। आपका शाही टुकड़ा तैयार है। आप चाहें तो इस डिश को गर्मागर्म सर्व कर सकती हैं या फिर इसे रेफ्रिजरेटर में रखकर ठंडा सर्व करें। यह दोनों ही तरह से बेहद स्वादिष्ट लगता है।

-मिताली जैन

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़