AURA India Tour | इंदौर के संगीत कार्यक्रम से पहले Diljit Dosanjh ने कहा- पोहा खाऊंगा, फिर मंच पर धमाल मचाऊंगा

AURA India Tour
Instagram
रेनू तिवारी । Nov 10 2026 5:03PM

एक ई-मेल के जरिये तीन स्कूलों और इंदौर के महापौर सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी जिनमें इस कार्यक्रम का भी जिक्र था। इसके बाद साइबर अपराध जांच शुरू की गई थी। दोसांझ ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर सीधा संवाद (लाइव सेशन) किया। इस दौरान एक प्रशंसक ने उनसे इंदौर में होने वाले कार्यक्रम के बारे में पूछा।

पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में अपने आगामी संगीत कार्यक्रम (कॉन्सर्ट) को लेकर जारी सभी तरह की अटकलों और सुरक्षा से जुड़ी खबरों को खारिज कर दिया है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर अपने प्रशंसकों से बातचीत करते हुए दिलजीत ने स्पष्ट किया कि उनका यह कॉन्सर्ट अपनी तय समय-सारणी के अनुसार ही आयोजित होगा। इंदौर के सी21 एस्टेट (C21 Estate) में 15 नवंबर को होने वाला यह बहुप्रतीक्षित शो दिलजीत दोसांझ के 'ऑरा इंडिया टूर' (AURA India Tour) का दूसरा बड़ा पड़ाव है। पिछले सप्ताह कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंताएं सामने आई थीं।

दरअसल एक ई-मेल के जरिये तीन स्कूलों और इंदौर के महापौर सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी जिनमें इस कार्यक्रम का भी जिक्र था। इसके बाद साइबर अपराध जांच शुरू की गई थी। दोसांझ ने मंगलवार को इंस्टाग्राम पर सीधा संवाद (लाइव सेशन) किया। इस दौरान एक प्रशंसक ने उनसे इंदौर में होने वाले कार्यक्रम के बारे में पूछा। इसके जवाब में गायक ने कहा, ‘‘हम 15 नवंबर को इंदौर आ रहे हैं। इस बारे में बहुत सारी खबरें आई हैं। कई चैनलों ने इसका खूब मजा लिया। 

उन्होंने खबरों में बहुत मसाला डाला और उन्हें दिखाने का आनंद लिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चाहे वे कुछ भी कहें, मैं 15 नवंबर को इंदौर आ रहा हूं। सबसे पहले हम पोहा खाएंगे, 101 प्रतिशत, और फिर उसी ऊर्जा के साथ कार्यक्रम में धमाल मचाएंगे। आपको चिंता करने या किसी भी खबर पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है।’’ पुलिस के अनुसार, पंजाबी भाषा में लिखे गए ये ईमेल तीन स्कूलों को भेजे गए थे। इनमें स्कूल प्रबंधन को बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी और विद्यार्थियों को कार्यक्रम में नहीं भेजने की चेतावनी दी गई थी। 

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि बम निरोधक दस्तों ने तीनों स्कूलों की तलाशी ली, लेकिन वहां कोई विस्फोटक नहीं पाया गया। दंडोतिया ने बताया कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को भी दोसांझ के आगामी कार्यक्रम से जुड़ा इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहली नजर में ये ईमेल फर्जी प्रतीत होते हैं। अपराध शाखा ईमेल भेजने वालों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। 

दोसांझ के चार लोकप्रिय गीतों- ‘पटियाला पेग’, ‘पांच तारा ठेके’, ‘जेब विचो फीम’ और ‘जट्ट फायर करदा’ को भी कार्यक्रम में प्रस्तुत करने पर रोक लगाए जाने के बाद यह संगीत कार्यक्रम चर्चा में आया था। इन गीतों में कथित तौर पर शराब और हिंसा को बढ़ावा देने वाली सामग्री होने के कारण आशंका जताई गई थी कि इनका बच्चों और अन्य लोगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ‘ऑरा इंडिया टूर’ के तहत पहला संगीत कार्यक्रम 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया गया था।

All the updates here:

अन्य न्यूज़