Disha Salian मामले में नाम घसीटे जाने पर बोले Sooraj Pancholi, कहा- मेरा कोई लेना-देना नहीं

दिशा सालियान मौत मामले में नाम घसीटे जाने पर अभिनेता सूरज पंचोली ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने साफ किया कि उनका दिशा सालियान और आदित्य ठाकरे से कोई संबंध नहीं है। सूरज ने कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है और अगर उनके खिलाफ कोई सबूत मिलता है, तो वह सजा भुगतने को तैयार हैं।
दिशा सालियान मौत का मामला काफी समय से सुर्खियों में बना हुआ है। हाल ही में इस केस में आए नए मोड़ के बाद हर कोई हैरान है। इस पूरे मामले में बॉलीवुड एक्टर सूरज पंचोली का नाम भी घसीटा जा रहा है। अब इस मुद्दे पर एक्टर ने चुप्पी तोड़ते हुए अपनी बात रखी है।
सूरज का कहना है कि पिछले कुछ सालों में उन्हें लेकर जिस तरह की खबरें दिखाई गई हैं, उस पर वह खुलकर बोलना चाहते हैं क्योंकि उनके पास कहने के लिए बहुत कुछ है। सूरज ने अपने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट लिखकर अपनी बात सामने रखी है।
दिशा और आदित्य से मेरा कोई लेना-देना नहीं
सूरज पंचोली ने अपने बयान में साफ किया कि उनका इस मामले से कोई नाता नहीं है। उन्होंने कहा, "मैं दिशा सालियान से कभी नहीं मिला था और न ही मेरा आदित्य ठाकरे से कोई संबंध है। मैं इन दोनों में से किसी से भी कभी एक बार भी नहीं मिला।" सोशल मीडिया पर हो रही बयानबाजी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने आगे कहा, "इंटरनेट पर मेरे साथ जो बुरा बर्ताव हो रहा है, उसे रोका जाना चाहिए। मैं यह साफ कर देना चाहता हूं कि मैं किसी से नहीं डरता, क्योंकि मुझे डरने की जरूरत नहीं है।"
इसे भी पढ़ें: काम और जिंदगी के उलझन में फंसे Govinda, पुराने साथी Anupam Kher ने बढ़ाया हौसला
करियर पर ध्यान और खामोश न रहने की बात
सूरज पंचोली ने आगे लिखा कि वह अब पीछे मुड़कर नहीं देखना चाहते और अपने काम पर ध्यान दे रहे हैं। उन्होंने कहा, "मैं अब अपनी जिंदगी दोबारा संवारने की कोशिश में लगा हूं। मैं अपने करियर और आने वाले कल पर ध्यान दे रहा हूं, इसलिए अब मैं चुप नहीं बैठूंगा।" उन्होंने आगे जोड़ा, "मैं पहले की तरह हाथ पर हाथ रखकर चीजें होते नहीं देख सकता। अगर मेरे मन में डर होता तो मैं भी बाकी लोगों की तरह खामोश रहता। मैं इस मुद्दे पर लगातार बोल रहा हूं क्योंकि मैंने कुछ गलत नहीं किया है और न ही मेरे पास छिपाने के लिए कुछ है।"
इसे भी पढ़ें: Maithili Thakur बोलीं- बिहार में सुरक्षित हूं, तो भड़के लेखक Neeraj Pandey ने याद दिला दी जमीनी हकीकत!
सबूत मिले तो सजा भुगतने को तैयार
एक्टर ने जोर देकर कहा कि जिस मामले से उनका कोई संबंध नहीं है, उसकी भरपाई वह क्यों करें। सूरज ने आगे कहा, "अगर इस मामले से जुड़ा एक भी सबूत मेरे खिलाफ मिलता है, तो मैं सजा भुगतने के लिए तैयार हूं और मैं हर सवाल का सामना करने को तैयार हूं।"
We're now on WhatsApp. Click to join.
अन्य न्यूज़













