'My Love, Love of my life...', Asha Bhosle को विदा कर पोती Zanai Bhosle का दिल चीर देने वाला पोस्ट

Zanai and asha bhosle
Instagram

दिग्गज गायिका आशा भोसले के राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार के बाद, उनकी पोती जनाई भोसले ने एक भावुक इंस्टाग्राम पोस्ट साझा किया। जनाई ने अपनी दादी को मिले प्यार के लिए सभी का धन्यवाद करते हुए लिखा कि 'उन्होंने ऊपर से सब कुछ देखा है' और वह हमेशा दिलों में जीवित रहेंगी।

दिग्गज गायिका आशा भोसले का निधन 92 वर्ष की आयु में हो गया। 13 अप्रैल 2026 को शाम 5.18 बजे मुबंई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई है। इस बीच, आशा भोसले के निधन की वजह से जनाई भोसले टूट गई हैं। उनके कई सारे पुराने वीडियोज वायरल हो रहे हैं जिसमें वह अपनी दादी के साथ अपने बॉन्ड के बारे में बात करती नजर आ रही हैं।  जनाई ने इंस्टाग्राम पर भावुक स्टोरी शेयर की है।

जनाई ने शेयर किया पोस्ट

 उन्होंने लिखा, मैं इस समय इतनी भावुक हूं कि शब्दों में कुछ कह पाना कठिन है। जब समय मिलेगा तब कुछ लिखूंगी, लेकिन अभी बस इतना कहना चाहती हूं कि मेरी दादी को समाज के हर वर्ग से जो प्रेम और सम्मान मिला है। मैं तहे दिल से आप सभी का धन्यवाद करती हूं। वह इस प्यार की पूरी हकदार थीं। मुझे एहसास है कि वह हम सभी के दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी और उन्होंने यह सब ऊपर से देखा है।'

जबकि एक दूसरी फोटो में वे सिंगर को प्यार से विदा करती दिख रही हैं। उन्होंने लिखा, 'गुड बॉय, माय लव, लव ऑफ माय लाइफ।' जनाई के पोस्ट पर हर कोई उन्हें हौसला दे रहा है और आशा ताई के लिए प्रार्थना भी कर रहा है।

पहली बार जनाई ने दादी की हेल्थ की जानकारी साझा की थी

अपनी दादी के साथ गहरा रिश्ता रखने वाली जनाई, अंतिम दर्शन के दौरान फूट-फूटकर रोईं। आशा भोसले के निधन से कुछ दिन पहले, वह परिवार की ओर से गायिका के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देने वाली पहली सदस्य थीं। उस समय उन्होंने निजता बनाए रखने का अनुरोध करते हुए X पर लिखा था, “मेरी दादी, आशा भोसले, अत्यधिक कमजोरी और सीने में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हैं और हम आपसे हमारी निजता का सम्मान करने का अनुरोध करते हैं। इलाज जारी है और उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा और हम आपको सकारात्मक जानकारी देते रहेंगे।”

बड़ी हस्तियों ने निधन पर शोक जताया

देश भर में और विदेशों में भी इस क्षति का शोक व्यक्त किया गया है। राजनीतिक नेताओं, फिल्मी हस्तियों और प्रशंसकों की ओर से श्रद्धांजलि का तांता लगा हुआ है। शोक व्यक्त करने वालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अभिनेता शाहरुख खान और सलमान खान, दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी, क्रिकेटर विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर सहित कई अन्य लोग शामिल थे। रणवीर सिंह, विक्की कौशल और आमिर खान सहित कई हस्तियां अंतिम संस्कार में उपस्थित होकर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित कीं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़