AI के आर्थिक और सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए साथ आएंगी OpenAI और Google DeepMind

एआई से जुड़े संभावित आर्थिक और सुरक्षा खतरों से निपटने के लिए ओपनएआई, एंथ्रोपिक और गूगल डीपमाइंड आपसी सहयोग पर बातचीत कर रहे हैं। इस बीच ओपनएआई के नीति प्रमुख क्रिस लेहेन ने अमेरिकी सांसदों से मुलाकात की है। कंपनी गंभीर एआई खतरों से जुड़े कुछ द्विदलीय प्रस्तावों का भी समर्थन कर रही है।
एआई को लेकर दुनिया भर में बहस लगातार तेज हो रही है और अब इसकी झलक बड़ी तकनीकी कंपनियों के बीच भी दिखाई दे रही है। ओपनएआई ने बताया है कि वह एंथ्रोपिक और गूगल डीपमाइंड के साथ मिलकर एआई की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर काम करने की दिशा में बातचीत कर रही है। कंपनियों के बीच यह कोशिश ऐसे समय हो रही है, जब बेहद ताकतवर एआई प्रणालियों से जुड़े आर्थिक और सुरक्षा खतरों को लेकर चिंता बढ़ रही है।
एआई को लेकर बढ़ती चिंता अब तकनीक की दुनिया से निकलकर सरकारों और नीति बनाने वालों तक पहुंच गई है। इसी बीच ओपनएआई ने संकेत दिया है कि वह एआई सुरक्षा से जुड़े मामलों में अपनी दो बड़ी प्रतिद्वंद्वी कंपनियों एंथ्रोपिक और गूगल डीपमाइंड के साथ मिलकर काम करने की तैयारी कर रही है। मकसद बेहद ताकतवर एआई प्रणालियों से पैदा होने वाले संभावित खतरों को बेहतर तरीके से समझना और उनसे निपटने के लिए सुरक्षा उपायों पर सहयोग करना है।
मौजूद जानकारी के अनुसार ओपनएआई के वैश्विक नीति प्रमुख क्रिस लेहेन ने मंगलवार को वॉशिंगटन में एक बातचीत के दौरान बताया कि एंथ्रोपिक और गूगल के साथ इस मुद्दे पर चर्चा पिछले कई हफ्तों से चल रही है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के मामले में कंपनियों का एक-दूसरे के साथ मिलकर काम करना जरूरी है। लेहेन के मुताबिक, इस तरह के सहयोग के लिए तीनों कंपनियों को अलग से किसी प्रतिस्पर्धा कानून संबंधी छूट की जरूरत नहीं दिखती है।
क्रिस लेहेन ने कहा कि सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए साथ काम करने की कोशिश करना बेहतर है। उन्होंने इसके लिए विमानन उद्योग का उदाहरण भी दिया, जहां अलग-अलग कंपनियां यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में एक-दूसरे के अनुभव और तरीकों से सीखती रही हैं।
गौरतलब है कि एआई के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता हाल में उस समय फिर चर्चा में आई, जब एंथ्रोपिक के प्रमुख दारियो अमोडेई ने करीब 3,800 शब्दों का एक लेख लिखा। उन्होंने बेहद उन्नत एआई प्रणालियों के विकास की रफ्तार को कुछ समय के लिए धीमा करने की जरूरत बताई, ताकि शोधकर्ता इनके संभावित खतरों को ज्यादा अच्छी तरह समझ सकें। इस लेख के बाद ओपनएआई के प्रमुख सैम ऑल्टमैन और स्पेसएक्सएआई के प्रमुख एलन मस्क ने भी इसके कुछ विचारों का समर्थन किया।
ओपनएआई अब केवल कंपनियों के स्तर पर बातचीत तक सीमित नहीं रहना चाहती। लेहेन ने बताया कि वह अमेरिकी सांसदों से मिलने के लिए वॉशिंगटन पहुंचे हैं और एआई से होने वाले बेहद गंभीर खतरों से निपटने वाली ऐसी योजनाओं का समर्थन करेंगे, जिन्हें दोनों राजनीतिक दलों का समर्थन हासिल हो।
कंपनी जिन प्रस्तावों को समर्थन दे रही है, उनमें रिपब्लिकन सांसद जे ओबरनोल्टे और डेमोक्रेट सांसद लॉरी ट्राहन की ओर से तैयार किया जा रहा संघीय एआई व्यवस्था का ढांचा भी शामिल है। इसके अलावा सीनेट में बहुमत नेता जॉन थ्यून, रिपब्लिकन टेड क्रूज और डेमोक्रेट एमी क्लोबुचर से जुड़े एक दूसरे प्रस्ताव पर भी चर्चा चल रही है। इसका मकसद एआई से पैदा होने वाले बेहद गंभीर खतरों से निपटना है।
एआई कंपनियों के बीच सुरक्षा सहयोग को लेकर प्रतिस्पर्धा कानून का सवाल भी सामने आया है। सीनेटर जिम बैंक्स और सीनेटर एडम शिफ ने ऐसा प्रस्ताव रखा है, जिसके तहत एआई कंपनियों को कुछ खास सुरक्षा मामलों में आपस में जानकारी साझा करने की सीमित छूट मिल सकती है। इसमें एआई पर नियंत्रण खोने का खतरा, साइबर और जैविक हमले तथा चीनी कंपनियों की ओर से आंकड़े हासिल करने की कोशिश जैसे मामले शामिल हैं। यह प्रस्ताव वार्षिक रक्षा कानून में शामिल किए जाने की बात भी सामने आई है।
हालांकि, इस साल के अंत तक एआई से जुड़ा कोई बड़ा कानून बनने की संभावना फिलहाल कम मानी जा रही है। अमेरिकी संसद का निचला सदन गुरुवार के बाद नवंबर में होने वाले चुनाव तक अवकाश पर जाने वाला है। चुनाव के बाद का छोटा सत्र भी मुख्य रूप से रक्षा बजट बढ़ाने पर केंद्रित रहने की उम्मीद है।
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एआई पर कड़े सुरक्षा नियम लगाने की कोशिशों का खुलकर विरोध कर चुके हैं। उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया पर एंथ्रोपिक और ओपनएआई की ओर से अत्याधुनिक एआई के विकास को धीमा करने की कोशिशों की आलोचना की और एआई के अस्तित्व से जुड़े खतरों की चिंताओं को खारिज किया है।
ऐसे में एआई सुरक्षा पर कंपनियों के बीच बढ़ता सहयोग और अमेरिकी सरकार में चल रही राजनीतिक बहस आने वाले समय में इस तकनीक के विकास की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती हैं।
अन्य न्यूज़













