सोनम वांगचुक के दावों पर Ladakh Police का जवाब, शहीद का बेटा और मां पूरी तरह सुरक्षित

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

लद्दाख पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कारगिल युद्ध में शामिल रहे दिवंगत हवलदार त्सेवांग थारचिन का 17 वर्षीय बेटा और उसकी मां सुरक्षित हैं। पुलिस ने लड़के के दादा से उनकी कुशलता की पुष्टि की है और लोगों से उनके परिवार की निजता का सम्मान करने का अनुरोध किया है। जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने आरोप लगाया था कि न्यायिक जांच रिपोर्ट मांगने पर प्रशासन नाबालिग को निशाना बना रहा है।

लद्दाख पुलिस ने शनिवार को कहा कि जान गंवाने वाले सैनिक का 17 वर्षीय बेटा और उसकी मां सुरक्षित एवं सकुशल हैं। पुलिस ने आम लोगों से परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की। पुलिस का यह स्पष्टीकरण जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के उन आरोपों के बीच आया है कि नाबालिग को केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन द्वारा निशाना बनाया जा रहा है।

वांगचुक के अनुसार, नाबालिग ने पिछले साल सितंबर में हुई हिंसा की न्यायिक जांच रिपोर्ट जारी करने की मांग उठाई थी। इस हिंसा में उसके पिता और कारगिल युद्ध में शामिल रहे हवलदार त्सेवांग थारचिन की जान चली गई थी। पुलिस ने शनिवार रात जारी एक आधिकारिक सार्वजनिक सूचना में कहा कि नाबालिग और उसकी मां के ठिकाने को लेकर चिंता जताए जाने के बाद उसके दादा से उनकी सुरक्षा की पुष्टि हुई है।

खबरों के अनुसार, लड़का एनडीएस मेमोरियल पार्क में हुए प्रदर्शन में शामिल था और उसने कथित तौर पर धमकी दी थी कि यदि न्यायिक जांच रिपोर्ट तत्काल जारी नहीं की गई तो वह आत्मदाह कर लेगा। पुलिस ने कहा कि 13 नवंबर को हुए प्रदर्शन के बाद लड़का भावनात्मक रूप से परेशान था। पुलिस ने कहा, ‘‘केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन और लद्दाख पुलिस नाबालिग की कल्याण, निजता तथा बाल कल्याण समिति के माध्यम से उपयुक्त चिकित्सकीय देखभाल और परामर्श उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़