Amazon ने भारत में 20 नए केंद्र और 150 डिलीवरी स्टेशन शुरू किए

ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए भारत में अपने नेटवर्क का बड़ा विस्तार किया है। इसके तहत छह नए सॉर्टिंग सेंटर और 150 डिलीवरी स्टेशन शुरू किए गए हैं, जिससे कंपनी की भंडारण क्षमता 50 फीसदी बढ़कर 6.4 करोड़ घन फुट हो जाएगी।
ई-कॉमर्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनी अमेजन ने सोमवार को आगामी त्योहारी सत्र से पहले भारत में अपने परिचालन नेटवर्क के विस्तार की घोषणा की। कंपनी ने 20 नए भंडार एवं वितरण केंद्र (एफसी), छह छंटाई केंद्र और 150 अंतिम छोर तक आपूर्ति करने वाले डिलिवरी स्टेशन शुरू किए हैं। अमेजन ने बयान में कहा कि यह विस्तार कंपनी द्वारा भारत में अपने परिचालन और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए घोषित 2,800 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का हिस्सा है।
इस विस्तार से भारत में अमेजन की कुल भंडारण क्षमता 50 प्रतिशत बढ़कर 6.4 करोड़ घन फुट हो जाएगी। इन केंद्रों का संचालन और प्रबंधन तीसरे पक्ष के लॉजिस्टिक सेवा प्रदाताओं द्वारा किया जाएगा। चिक्काबल्लापुर, हासन, मेरठ, रामनगर, रायपुर और वाराणसी में स्थित सभी छह नए छंटाई केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
साथ ही 20 नए एफसी में सात गैर-महानगरीय शहरों में स्थापित किए जा रहे हैं। त्योहारी सत्र के दौरान उपभोक्ताओं की मांग में संभावित वृद्धि को संभालने के लिए ई-कॉमर्स कंपनी ने पहले ही महानगरों के साथ ही दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों सहित 400 शहरों में 1.6 लाख से अधिक मौसमी रोजगार के अवसर पैदा करने की घोषणा की थी। कंपनी ने बताया कि 118 शहरों में शुरू किए गए 150 नए अंतिम छोर के डिलिवरी स्टेशन में 12 जगहों पर पहली बार अमेजन के ये स्टोर शुरू होंगे।
इनमें भोजपुर, बोकाजन, जालौन, जहानाबाद, नामसाई, पुरुलिया, रिभोई, सेनापति, शिवसागर, उदलगुड़ी, उखरुल और वोखा शामिल हैं। अमेजन के वरिष्ठ अधिकारी अभिनव सिंह ने कहा, यह निवेश हमें ग्राहकों और विक्रेताओं की बदलती जरूरतों को पूरा करने में मदद करेगा। साथ ही इससे हजारों काम के अवसर पैदा होंगे और देशभर के समुदायों में आर्थिक वृद्धि को समर्थन मिलेगा।
अन्य न्यूज़













