Amazon Global Selling से भारतीय निर्यात 2700 करोड़ डॉलर पार, दिल्ली शीर्ष पर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के ग्लोबल सेलिंग कार्यक्रम के जरिए भारत से कुल निर्यात बढ़कर 2,700 करोड़ अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया है। पिछले एक वर्ष में इस मंच से जुड़े भारतीय निर्यातकों की संख्या 20 प्रतिशत बढ़कर 2.4 लाख हो चुकी है। इस सूची में 36,000 से अधिक निर्यातकों के साथ दिल्ली पहले स्थान पर बना हुआ है।

ई-कॉमर्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनी अमेजन के ‘अमेजन ग्लोबल सेलिंग’ कार्यक्रम के तहत भारत से कुल निर्यात 2,700 करोड़ अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया है। इस मंच पर निर्यातकों की संख्या एक साल में 20 प्रतिशत बढ़कर 2.4 लाख हो गई है। कंपनी ने बयान में कहा कि यह उपलब्धि 2030 तक भारत से कुल आठ लाख करोड़ डॉलर का ई-कॉमर्स निर्यात संभव बनाने के उसके लक्ष्य की दिशा में प्रगति को दर्शाती है।

वर्ष 2015 में शुरू किए गए इस कार्यक्रम के तहत भारत में बने एक अरब से अधिक उत्पाद अमेजन के वैश्विक बाजारों के ग्राहकों को बेचे जा चुके हैं। कंपनी के अनुसार, इस कार्यक्रम के तहत 36,000 से अधिक निर्यातकों के साथ दिल्ली राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सूची में पहले स्थान पर है। इसके बाद राजस्थान (32,500 से अधिक), उत्तर प्रदेश (29,000 से अधिक), गुजरात (28,000 से अधिक) और महाराष्ट्र (23,500 से अधिक) का स्थान है।

छोटे शहरों में तमिलनाडु के इरोड के निर्यातकों ने जनवरी 2025 से 2026 की तीसरी तिमाही तक 12.15 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक की बिक्री की। कंपनी के अनुसार, इस साल कुल निर्यात में सात अरब डॉलर की वृद्धि हुई है। पिछले साल भी निर्यात में इतनी ही वृद्धि हुई थी।

वर्ष 2024 के अंत में यह 1,300 करोड़ डॉलर था, जो अक्टूबर 2025 में बढ़कर 2,000 करोड़ डॉलर हो गया था। भारत में अमेजन ग्लोबल सेलिंग के प्रमुख श्रीनिधि कलवापुडी ने कहा, भारत में उपभोक्ता वस्तुओं का वैश्विक निर्यात केंद्र बनने की क्षमता है और ई-कॉमर्स इस लक्ष्य को हकीकत में बदलने में मदद कर रहा है। इससे हर भारतीय विक्रेता के लिए वैश्विक निर्यातक बनने के अवसर पैदा हो रहे हैं।

कपड़ा जैसे क्षेत्रों में काफी संभावनाएं हैं, जहां भारत की विनिर्माण क्षमता, शिल्प कौशल और उद्यमशीलता की प्रतिभा को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़