Satellite Internet के लिए Amazon की बड़ी तैयारी, India को बताया बेहतरीन अवसर; हर हफ्ते बन रहे 15 उपग्रह

अमेजन लियो ने भारत को उपग्रह ब्रॉडबैंड के लिए एक रणनीतिक बाजार माना है क्योंकि यहां का डिजिटल ढांचा और बड़ी आबादी व्यापक अवसर प्रदान करती है। कंपनी तेजी से उपग्रहों का उत्पादन कर रही है ताकि वैश्विक स्तर पर कनेक्टिविटी की कमी को दूर किया जा सके। अमेजन सैटेलाइट इंटरनेट भारत डिजिटल इंडिया कनेक्टिविटी।
अमेजन लियो के अंतरराष्ट्रीय स्पेक्ट्रम प्रबंधन एवं रणनीति प्रमुख क्रिस होफर ने बुधवार को कहा कि कंपनी के पृथ्वी की निचली कक्षा में लगभग 400 उपग्रह हैं और वह उपग्रह ब्रॉडबैंड सेवाओं के विस्तार के लिए भारत को एक महत्वपूर्ण बाजार के रूप में देख रही है। होफर ने आईएएफआई के ‘स्पेस पॉलिसी कॉन्फ्रेंस-2026’ में कहा कि अमेजन लियो का उद्देश्य उन लोगों तक संपर्क सुविधा पहुंचाना है, जो अब तक इससे वंचित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लगभग 400 उपग्रह कक्षा में हैं।
ऐसा लगता है कि हम उन्हें प्रक्षेपित करने के लिए पर्याप्त तेजी से रॉकेट उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं... हम हर सप्ताह 15 से अधिक उपग्रहों का निर्माण कर रहे हैं। वर्ष 2019 में यह परियोजना केवल कागज पर थी और आज हमने जिस तरह प्रगति की है, उससे हम बेहद संतुष्ट हैं।’’ होफर ने कहा कि अमेजन लियो सबसे अधिक ध्यान वैश्विक स्तर पर संपर्क सेवाओं का विस्तार करने पर दे रही है।
भारत का महत्वपूर्ण बाजार के रूप में उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यहां का प्रशासन डिजिटल प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने वाला है और उपग्रह इंटरनेट सेवाओं के विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम दुनिया भर में अपनी सेवाओं का विस्तार करने के लिए उत्सुक हैं और हमारा मानना है कि भारत इसके लिए एक उत्कृष्ट उम्मीदवार है। यहां का प्रशासन डिजिटल प्रौद्योगिकी पर केंद्रित है। साथ ही अब भी कई लोग बेहतर संपर्क सुविधा से वंचित हैं। हमारा मानना है कि हम प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के साथ इन लोगों तक उपयुक्त ब्रॉडबैंड सेवाएं पहुंचा सकते हैं।
अन्य न्यूज़














