UP STF ने Lucknow में दबोचा 50 हजार का इनामी बदमाश Pratap Gosain

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने बहराइच के सर्राफा लूटकांड में वांछित पचास हजार रुपये के इनामी अपराधी बाबा उर्फ प्रताप गोसाईं को लखनऊ के ठाकुरगंज से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी पर हत्या के प्रयास, लूट और मादक पदार्थों की तस्करी समेत 41 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ के अनुसार वह सर्राफा कारोबारियों को निशाना बनाने वाले एक गिरोह का संचालन करता था।

उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने बहराइच में सर्राफा व्यापारी से लूट के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश और कथित गैंग सरगना बाबा उर्फ प्रताप गोसाईं को बुधवार को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक गोसाईं को ठाकुरगंज थाना क्षेत्र स्थित कम्बाइन्ड अस्पताल परिसर के साइकिल स्टैंड से गिरफ्तार किया गया। बयान के अनुसार वह मूल रूप से गोंडा जिले के करनैलगंज थाना क्षेत्र के कुम्भौरा गांव का निवासी है और लखनऊ के पारा क्षेत्र स्थित न्यू कुमार पुरम में रह रहा था।

अधिकारियों के अनुसार आरोपी अप्रैल 2026 में बहराइच के कैसरगंज में एक सर्राफा व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना में वांछित था और इस संबंध में कैसरगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। बयान के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह चोरी, लूट और छिनैती करने वाले एक संगठित गिरोह का सरगना है और उसके गिरोह के सदस्य विशेष रूप से सर्राफा कारोबारियों की टोह लेकर उन्हें निशाना बनाते थे। इस मामले में उसके तीन साथी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।

एसटीएफ के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ गोंडा, बहराइच और अन्य जिलों में हत्या के प्रयास, लूट, अवैध हथियार रखने और मादक पदार्थों की तस्करी समेत 41 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बहराइच पुलिस को सौंपा जा रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़