बैंक ऑफ बड़ौदा में कर्मचारी के ई-मेल से डेटा तक अनधिकृत पहुंच का मामला आया सामने, मुख्य प्रणाली सुरक्षित

Prabhasakshi Image

बैंक ऑफ बड़ौदा के एक कर्मचारी के ई-मेल अकाउंट से छेड़छाड़ के कारण कुछ डेटा तक अनधिकृत पहुंच का मामला सामने आया है। हालांकि, बैंक ने स्पष्ट किया है कि उसकी मुख्य बैंकिंग प्रणाली पूरी तरह सुरक्षित है। इस घटना की पहचान समय पर कर तत्काल कदम उठाए गए हैं।

मुंबई, 27 जुलाई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने सोमवार को कहा कि उसके एक कर्मचारी का ई-मेल अकाउंट से छेड़छाड़ होने के कारण कुछ डेटा तक अनधिकृत पहुंच का मामला सामने आया है। हालांकि, बैंक ने स्पष्ट किया कि उसकी मुख्य बैंकिंग प्रणाली (सीबीएस) पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनमें कोई सेंध नहीं लगी है। बैंक ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “यह घटना एक कर्मचारी के ई-मेल अकाउंट के साथ छेड़छाड़ से जुड़ी है, जिसके परिणामस्वरूप कुछ डेटा तक अनधिकृत पहुंच हुई।” बीओबी ने कहा कि इस घटना की पहचान समय पर कर ली गई और हालात को नियंत्रण में लाने के लिए तत्काल कदम उठाए गए।

हालांकि, बैंक ने यह नहीं बताया कि ई-मेल अकाउंट से छेड़छाड़ की यह घटना कब हुई या संबंधित कर्मचारी किस पद पर तैनात था। बैंक का यह बयान मीडिया और सोशल मीडिया पर चल रही उन चर्चाओं के बीच आया है, जिनमें दावा किया गया था कि एक टीबी से अधिक डेटा, जिसमें ग्राहकों के आधार से जुड़े विवरण भी शामिल हैं, को अनधिकृत रूप से पहुंच बनाकर डार्क वेब पर साझा किया गया है। बीओबी ने कहा कि उसके पास मजबूत सूचना सुरक्षा व्यवस्था मौजूद हैं और मामले की व्यापक फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है।

साथ ही, वह संबंधित प्राधिकरणों के साथ मिलकर काम कर रहा है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़