घरेलू उत्पादन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा, 8 साल के लिए मंजूर हुई ₹11,000 Crore की योजना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण बनाने वाली कंपनियों के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। यह योजना 8 वर्षों तक लागू रहेगी। इसका मुख्य उद्देश्य घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना, मशीनों के आयात पर निर्भरता घटाना और देश में रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
देश में सड़क, रेलवे, बंदरगाह और सुरंगों जैसी बड़ी परियोजनाओं का काम तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में इन निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाली मशीनों के लिए दूसरे देशों पर निर्भरता कम करने की तैयारी की जा रही है। इसी दिशा में केंद्र सरकार ने निर्माण और बुनियादी ढांचे से जुड़े उपकरण बनाने वाली कंपनियों को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। इस योजना का मकसद देश में आधुनिक मशीनों का उत्पादन बढ़ाना, छोटे-बड़े उपकरण निर्माताओं को आर्थिक मदद देना और भारत को इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण निर्माण क्षेत्र को मजबूत करने के लिए शुरू की गई यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से लागू होगी और अगले 8 वर्षों तक चलेगी। इसे भारी उद्योग मंत्रालय के माध्यम से लागू किया जाएगा।
बता दें कि भारत का निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण उद्योग दुनिया में तीसरे स्थान पर है। इस मामले में भारत से आगे चीन और अमेरिका हैं। भारी उद्योग मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में इस उद्योग का बाजार करीब 97,500 करोड़ रुपये का था। सरकार का अनुमान है कि सड़क, बंदरगाह, आवास और औद्योगिक परियोजनाओं में निवेश बढ़ने से वित्त वर्ष 2029-30 तक यह बाजार बढ़कर करीब 2.28 लाख करोड़ रुपये का हो सकता है।
इस योजना के तहत सरकार खासतौर पर ऐसी आधुनिक मशीनों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देना चाहती है, जिनका इस्तेमाल बड़ी परियोजनाओं में होता है। इनमें बंदरगाहों पर जहाज से कंटेनर उतारने और चढ़ाने वाली विशाल क्रेन, जमीन के नीचे सुरंग बनाने वाली मशीनें, खुदाई करने वाली हाइड्रोलिक मशीनें और भारी सामान ढोने वाले विशेष ट्रक शामिल हैं। इसके अलावा इन मशीनों में इस्तेमाल होने वाले जरूरी पुर्जे बनाने वाली कंपनियों को भी योजना का लाभ मिलेगा।
योजना के दो मुख्य हिस्से रखे गए हैं। पहले हिस्से में मशीन और उनके पुर्जे बनाने वाली कंपनियों को बिक्री बढ़ाने के आधार पर आर्थिक प्रोत्साहन दिया जाएगा। इसके तहत मूल उपकरण निर्माता और पुर्जे बनाने वाली कंपनियां लाभ ले सकेंगी। पात्र कंपनियों को अतिरिक्त बिक्री के आधार पर 5 वर्षों तक 8 से 13 प्रतिशत तक प्रोत्साहन दिया जाएगा। इससे कंपनियों को उत्पादन क्षमता बढ़ाने और देश में ही आधुनिक मशीनें तैयार करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
दूसरे हिस्से में देश के भीतर निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरणों की जांच के लिए एक विशेष केंद्र बनाया जाएगा। इसके लिए सरकार 375 करोड़ रुपये तक की सहायता देगी। इस केंद्र में मशीनों की गुणवत्ता, क्षमता और सुरक्षा से जुड़ी जांच हो सकेगी। इससे कंपनियों को उपकरणों की जांच के लिए विदेशों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
गौरतलब है कि इस योजना को लागू करने के लिए 3 चरण तय किए गए हैं। वित्त वर्ष 2026-27 और 2027-28 में कंपनियों को अपनी उत्पादन इकाइयां तैयार करने का समय मिलेगा। इसके बाद वित्त वर्ष 2028-29 से 2032-33 तक प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वित्त वर्ष 2033-34 में अंतिम वर्ष की बिक्री से जुड़े प्रोत्साहन का हिसाब पूरा किया जाएगा।
सरकार को उम्मीद है कि इस योजना से देश में मशीनों और उनके पुर्जों का उत्पादन बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर बनेंगे और आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। इसका फायदा बड़ी निर्माण परियोजनाओं के साथ घरेलू कंपनियों को भी मिल सकता है। बता दें कि इसी मंत्रिमंडल बैठक में तमिलनाडु के कामराजर बंदरगाह पर दूसरे कंटेनर टर्मिनल के लिए 4,288.26 करोड़ रुपये और असम के डोलू में नए हवाई अड्डे के निर्माण के लिए 2,014 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। ऐसे में सरकार का यह फैसला देश में बुनियादी ढांचे के विकास के साथ मशीन निर्माण उद्योग को भी नई गति देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
अन्य न्यूज़














