भारत करेगा 2028 Thomas and Uber Cup Finals की मेजबानी, BWF ने बदला प्रारूप

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बैडमिंटन विश्व महासंघ ने 2028 के थॉमस और उबेर कप फाइनल्स की मेजबानी भारत को सौंप दी है। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में पहली बार संशोधित 24 टीमों का प्रारूप लागू किया जाएगा, जिसके मुकाबले तीन मैचों के आधार पर होंगे। भारत इससे पहले वर्ष 2014 में नयी दिल्ली में इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन कर चुका है।

बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने बुधवार को घोषणा की कि भारत 2028 में थॉमस एवं उबेर कप फाइनल्स की मेजबानी करेगा। यह पुरुष और महिला टीम की विश्व चैंपियनशिप का पहला सत्र होगा जिसमें संशोधित 24 टीम का प्रारूप लागू होगा और मुकाबले तीन मैच के आधार पर खेले जाएंगे। वर्ष 2028 में होने वाला यह टूर्नामेंट भारत में दूसरी बार आयोजित किया जाएगा।

इससे पहले 2014 में नयी दिल्ली के सिरी फोर्ट खेल परिसर में थॉमस एवं उबेर कप फाइनल्स का आयोजन हुआ था। उस समय भारतीय महिला टीम ने पहली बार उबेर कप में कांस्य पदक जीता था। भारत की महिला टीम ने 2016 में भी कांस्य पदक हासिल किया था।

वहीं पुरुष टीम ने 2022 में थॉमस कप जीतकर इतिहास रचा था। भारतीय पुरुष टीम ने 2026 में डेनमार्क के हॉर्सन्स में आयोजित प्रतियोगिता में फ्रांस से सेमीफाइनल में हारने के बाद कांस्य पदक जीता था। नयी दिल्ली ने इस साल की शुरुआत में बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप की भी मेजबानी की थी।

बीडब्ल्यूएफ ने 2027 से अपनी प्रमुख चैंपियनशिप के प्रारूप में व्यापक बदलावों को भी मंजूरी दी है। इसके साथ ही महासंघ ने 2030 तक की कई प्रमुख प्रतियोगिताओं के मेजबान देशों की घोषणा की। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्तरी अमेरिका, एशिया और यूरोप में होगा।

नए प्रारूप के तहत थॉमस एवं उबेर कप फाइनल्स में 24-24 टीमें हिस्सा लेंगी जिन्हें छह-छह टीम के चार समूहों में बांटा जाएगा। प्रत्येक टीम लीग चरण में चार मुकाबले खेलेगी और शीर्ष 12 टीमें नॉकआउट चरण में जगह बनाएंगी। प्रत्येक मुकाबले में जीतने वाली टीम को अपने मैच में मिली जीत के अंकों के अलावा दो बोनस अंक भी मिलेंगे।

यह बोनस अंक मुकाबले के कुल परिणाम से अलग होंगे। अब प्रत्येक टीम मुकाबले में पांच के बजाय तीन मैच खेलेगी। नई अंक प्रणाली के तहत मुकाबले के लिए अंक तय होंगे।

इसमें 3-0 की जीत पर पांच अंक, 2-1 की जीत पर चार अंक और 1-2 की हार पर एक अंक मिलेगा। मिश्रित टीम की चैंपियनशिप सुदीरमन कप फाइनल्स में भी टीमों की संख्या बढ़ाकर 24 कर दी जाएगी। इन्हें आठ-आठ टीम के तीन समूहों में बांटा जाएगा।

प्रत्येक टीम लीग चरण में तीन मुकाबले खेलेगी। हालांकि यहां मुकाबले पहले की तरह पांच मैच के होंगे। इस प्रतियोगिता में भी इसी तरह की अंक प्रणाली लागू होगी।

5-0 की जीत पर सात अंक, 4-1 की जीत पर छह और 3-2 की जीत पर पांच अंक मिलेंगे। वहीं, 2-3 से हारने वाली टीम को दो अंक और 1-4 से हारने वाली टीम को एक अंक मिलेगा। व्यक्तिगत विश्व चैंपियनशिप में भी 2027 से ओलंपिक की तर्ज पर नया प्रारूप लागू होगा।

इसमें सभी पांच स्पर्धाओं में पहले ग्रुप चरण और फिर नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे। एकल स्पर्धाओं में 48 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे जिन्हें तीन-तीन खिलाड़ियों के 16 समूहों में बांटा जाएगा। युगल स्पर्धाओं में 32 जोड़ियां होंगी जिन्हें चार-चार जोड़ियों के आठ समूहों में रखा जाएगा।

प्रत्येक समूह से शीर्ष दो खिलाड़ी या जोड़ियां राउंड ऑफ 16 में पहुंचेंगी। नए प्रारूप से प्रत्येक खिलाड़ी को कम से कम दो मुकाबले खेलने की गारंटी मिलेगी। इसके अलावा, प्रत्येक स्पर्धा में एक सदस्य संघ से अधिकतम चार खिलाड़ी या जोड़ियां ही हिस्सा ले सकेंगी।

ये बदलाव चार जनवरी 2027 से लागू होने वाली 3 गुणा 15 (15 अंक के तीन गेम) स्कोरिंग प्रणाली के अतिरिक्त हैं। बीडब्ल्यूएफ की अध्यक्ष खुनयिंग पटामा लीस्वाडट्राकुल ने एक बयान में कहा, ‘‘बैडमिंटन का भविष्य इस बात पर निर्भर करता है कि हम नवाचार करने, अपनी पहुंच बढ़ाने और दुनिया भर के दर्शकों के लिए प्रासंगिक बने रहने में कितने सक्षम हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी प्रमुख चैंपियनशिप में किए गए ये बदलाव मुकाबलों को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने, अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी के अवसर खोलने और अधिक सदस्य देशों तथा खिलाड़ियों को बैडमिंटन के सबसे बड़े आयोजनों का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से किए गए हैं।’’ खुनयिंग ने कहा, ‘‘3 गुणा 15 स्कोरिंग प्रणाली की शुरुआत के साथ ये बदलाव हमारे खेल को नई ऊंचाइयों तक ले जाने, प्रशंसकों की भागीदारी बढ़ाने और वैश्विक खेल के रूप में बैडमिंटन की स्थिति मजबूत करने की व्यापक योजना का हिस्सा हैं।’’ वर्ष 2027 की विश्व चैंपियनशिप 14 से 25 जुलाई तक कनाडा के मिसिसॉगा में आयोजित होगी। कनाडा दूसरी बार इस प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा।

इससे पहले 1985 में कैलगरी में इसका आयोजन हुआ था। वर्ष 2005 में अमेरिका के अनाहाइम में हुई चैंपियनशिप के बाद यह पहला मौका होगा जब विश्व चैंपियनशिप उत्तरी अमेरिका में आयोजित की जाएगी। वर्ष 2027 का सुदीरमन कप बीजिंग में होगा जबकि 2029 का टूर्नामेंट दक्षिण कोरिया में आयोजित किया जाएगा।

हालांकि, इसके आयोजन स्थल की घोषणा अभी नहीं की गई है। वहीं 2030 के थॉमस एवं उबेर कप फाइनल्स की मेजबानी पेरिस करेगा। खुनयिंग ने कहा, ‘‘हमारी प्रमुख चैंपियनशिप के लिए चुने गए मेजबान देश इस खेल के कुछ सबसे महत्वपूर्ण और रणनीतिक बाजारों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

इन सभी का लक्ष्य ऐसे शानदार आयोजन करना है जो खिलाड़ियों को प्रेरित करें, प्रशंसकों को जोड़ें और वैश्विक स्तर पर बैडमिंटन की पहचान मजबूत करें।’’ विश्व चैंपियनशिप उत्तरी अमेरिका में आयोजित होने वाली तीन प्रमुख बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का हिस्सा होगी। इस शृंखला में कनाडा ओपन और लॉस एंजिलिस में होने वाला अमेरिकी ओपन भी शामिल है। इन प्रतियोगिताओं के जरिए खेल को 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक से पहले लोकप्रिय बनाने की कोशिश की जाएगी।

बीडब्ल्यूएफ ने बताया कि 2029 और 2030 की विश्व चैंपियनशिप के मेजबान शहरों की घोषणा बाद में की जाएगी। वहीं, नयी दिल्ली में होने वाले 2028 थॉमस एवं उबेर कप फाइनल्स से जुड़ी अन्य जानकारियां भी उचित समय पर साझा की जाएंगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़