Crystal Crop Protection IPO 18 नवंबर को खुलेगा, प्राइस बैंड 259 से 272 रुपये तय

Crystal Crop Protection IPO 18 नवंबर को खुलेगा, प्राइस बैंड 259 से 272 रुपये तय
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

फसल समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन ने अपने 456 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम के लिए तारीखों की घोषणा कर दी है। यह इश्यू 20 नवंबर तक खुला रहेगा, जबकि बड़े निवेशकों को 17 नवंबर को बोली लगाने का अवसर मिलेगा। कंपनी इस निर्गम से जुटाई गई पूंजी का उपयोग कर्ज चुकाने और रणनीतिक योजनाओं के वित्तपोषण में करेगी।

फसल समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन लिमिटेड का 456 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 18 नवंबर को खुलेगा। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 259 से 272 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। कंपनी की शुक्रवार को जारी सार्वजनिक घोषणा के अनुसार, तीन दिन का यह निर्गम 20 नवंबर को बंद होगा।

बड़े (एंकर) निवेशक 17 नवंबर को बोली लगा पाएंगे। आईपीओ 355 करोड़ रुपये तक के नए शेयर और 101 करोड़ रुपये तक के शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण होगा। नए शेयर से प्राप्त राशि का इस्तेमाल कंपनी और उसकी अनुषंगी कंपनी सैफायर क्रॉप साइंस द्वारा लिए गए कर्ज को चुकाने और रणनीतिक पहलों के वित्तपोषण तथा सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा।

वर्ष 1994 में स्थापित क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन फसल समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी है। इसके उत्पादों में कृषि रसायन और बीज प्रमुख हैं। कंपनी का शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध किए जाने का प्रस्ताव है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़