Dhoot Transmission IPO: 3067 करोड़ रुपये का आईपीओ 10 अगस्त को खुलेगा

वाहन कलपुर्जा विनिर्माता कंपनी धूत ट्रांसमिशन लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम 10 अगस्त को खुलेगा और 12 अगस्त को बंद होगा। यह आईपीओ 1,400 करोड़ रुपये के नए शेयर और 1.91 करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश का मिश्रण है।
नयी दिल्ली, चार अगस्त वाहन कलपुर्जा विनिर्माता कंपनी धूत ट्रांसमिशन लिमिटेड ने अपने 3,067 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए मूल्य दायरा 829-871 रुपये प्रति शेयर तय किया है। सार्वजनिक सूचना के अनुसार, आईपीओ 10 अगस्त को खुलेगा और 12 अगस्त को बंद होगा। बड़े (एंकर) निवेशक सात अगस्त को बोली लगा पाएंगे।
आईपीओ 1,400 करोड़ रुपये के नए शेयर और 1.91 करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण है। कंपनी नए शेयर जारी कर जुटाई जाने वाली राशि का उपयोग कुछ बकाया कर्जों के पुनर्भुगतान एवं पूर्व भुगतान करने, अनुषंगी कंपनियों के कर्ज चुकाने और हरियाणा के झज्जर तथा तमिलनाडु के होसुर में वायरिंग हार्नेस विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने में करेगी। निर्गम से प्राप्त राशि का एक हिस्सा अधिग्रहणों और अन्य रणनीतिक पहलों पर खर्च किया जाएगा।
मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का निर्गम के बाद बाजार पूंजीकरण लगभग 17,816 करोड़ रुपये जबकि निचले स्तर पर करीब 17,025 करोड़ रुपये रहेगा। कंपनी का शेयर 17 अगस्त को शेयर बाजारों में सूचीबद्ध हो सकता है। वर्ष 1999 में राहुल धूत द्वारा स्थापित धूत ट्रांसमिशन वायरिंग हार्नेस, इलेक्ट्रॉनिक सेंसर एवं नियंत्रक, ऑटोमोटिव स्विच, पावर कॉर्ड, केबल, कनेक्टर और टर्मिनल जैसे उत्पाद बनाती है।
अन्य न्यूज़













