KTR ने तेलंगाना में Congress और BJP पर साधा निशाना, केंद्रीय नेतृत्व के प्रति समर्पण पर उठाए सवाल

बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने तेलंगाना में कांग्रेस और भाजपा नेताओं पर पद की गरिमा गिराने और दिल्ली के नेतृत्व के सामने झुकने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राज्य का गठन आत्मसम्मान के सिद्धांत पर हुआ था जिसे दोनों राष्ट्रीय दल नहीं समझ सकते। इस बयान पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने बीआरएस शासन पर फोन टैपिंग और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए।
भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने रविवार को तेलंगाना में कांग्रेस और भाजपा के नेताओं पर अपने-अपने राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति ‘‘अधीनता’’ दिखाने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा। बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष के.टी. रामा राव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि राज्य में दोनों दलों (कांग्रेस और भाजपा) के नेताओं में पद की गरिमा बनाए रखने का गुण बहुत कम देखने को मिलता है। रामा राव ने आरोप लगाया, ‘‘मुख्यमंत्री गांधी परिवार के अंगरक्षक की तरह व्यवहार कर रहे हैं, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मंत्री राहुल गांधी की मोटरसाइकिल के पीछे ऐसे भाग रहे हैं, मानो वे उनके निजी सहायक हों!
इसी तरह, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अपने नेता अमित शाह के पैर छू रहे हैं और उनकी चप्पल उठा रहे हैं। यह कितना शर्मनाक और पद की गरिमा के खिलाफ व्यवहार है।’’ रामा राव ने कहा कि तेलंगाना की स्थापना आत्मसम्मान के सिद्धांत पर हुई थी और दोनों राष्ट्रीय दल इसे कभी नहीं समझ पाएंगे। उनका इशारा शनिवार को हैदराबाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘गिग’ वर्कर्स के साथ निकाली गई मोटरसाइकिल रैली की ओर था, जिसमें तेलंगाना के कई मंत्रियों और अन्य लोगों ने हिस्सा लिया था।
रविवार को केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने बीआरएस के पूर्ववर्ती शासन के खिलाफ लगे कई आरोपों का हवाला देते हुए रामा राव पर पलटवार किया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में सवाल किया कि क्या कथित तौर पर पति-पत्नी के बीच बातचीत की भी फोन टैपिंग करना, कालेश्वरम परियोजना में बड़े पैमाने पर कथित भ्रष्टाचार और बिजली खरीद समझौतों (पीपीए) में कथित अनियमितताएं वही ‘‘पद की गरिमा’ हैं, जिसकी बात बीआरएस नेता कर रहे हैं। रामा राव के इस आरोप पर कि उन्होंने अमित शाह की चप्पल उठाई थी, संजय कुमार ने कहा कि वह उन लोगों को अपना गुरु मानते हैं, जिन्होंने उन्हें विभिन्न चीजें सिखाई हैं।
कुमार ने कहा कि उन्हें अपने गुरु की सेवा करने या उनकी चप्पल उठाने में कोई दिक्कत नहीं है।
अन्य न्यूज़














