नवंबर में डीजल की बिक्री सात प्रतिशत गिरी, जानिए पेट्रोल के दामों का हाल

diesel

नवंबर में डीजल की बिक्री मासिक आधार पर आठ प्रतिशत अधिक रही। नवंबर, 2020 में देश में डीजल की खपत 62.3 लाख टन रही। यह साल भर पहले 67 लाख टन थी। अक्टूबर, 2020 में देश में 57 लाख टन डीजल की खपत हुई थी।

नयी दिल्ली। देश में डीजल की बिक्री आठ महीने में पहली बार अक्टूबर में सालाना आधार पर बढ़ने के बाद नवंबर में फिर घट गई है। नवंबर में सालाना आधार पर डीजल की बिक्री में सात प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी। उद्योग जगत के आंकड़ों में इसकी जानकारी मिली। नवंबर में डीजल की बिक्री मासिक आधार पर आठ प्रतिशत अधिक रही। नवंबर, 2020 में देश में डीजल की खपत 62.3 लाख टन रही। यह साल भर पहले 67 लाख टन थी। अक्टूबर, 2020 में देश में 57 लाख टन डीजल की खपत हुई थी। उद्योग जगत के एक अधिकारी ने कहा कि सितंबर में डीजल की बिक्री कोरोना महामारी से पहले के स्तर पर पहुंच गयी थी। इसके बाद नवंबर में इसके उपभोग में कमी आने से पता चलता है कि सुधार टिकाऊ नहीं है।

इसे भी पढ़ें: कोरोना संकट के बावजूद कार कंपनी मारुति की बिक्री में आई तेजी

इस दौरान पेट्रोल की बिक्री साल भर पहले के 22.8 लाख टन से बढ़कर 24 लाख टन पर पहुंच गयी। रसोई गैस (एलपीजी) की बिक्री भी 4.5 प्रतिशत बढ़कर 23.6 लाख टन पर पहुंच गयी। आलोच्य महीने के दौरान विमान ईंधन (एटीएफ) की बिक्री सालाना आधार पर 48 प्रतिशत नीचे 3,46,000 टन रही। यह मासिक आधार पर 6.3 प्रतिशत अधिक रही। पेट्रोलियम उत्पादों की कुल मांग अक्टूबर में 2.5 प्रतिशत बढ़कर 177.7 लाख टन रही। पेट्रोल की मांग सितंबर महीने में कोरोना वायरस महामारी से पहले के स्तर पर पहुंची थी, जबकि डीजल की मांग अक्टूबर में सामान्य हो पायी थी। अक्टूबर में डीजल की मांग सालाना आधार पर 7.4 प्रतिशत तथा पेट्रोल की बिक्री 4.5 प्रतिशत अधिक रही थी। उद्योग जगत के सूत्रों ने कहा कि मासिक आधार पर नवंबर में डीजल की बिक्री बढ़ी है, जो एक अच्छा संकेत है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़