अक्टूबर में Equity Mutual Fund निवेश 14% गिरा, घटकर 32,994 करोड़ रुपये रहा

Equity Mutual Fund
AI-Generated

शेयर बाजार में गिरावट के कारण अक्टूबर में इक्विटी म्यूचुअल फंड निवेश करीब 14 प्रतिशत घटकर 32,994 करोड़ रुपये रह गया। इस दौरान एसआईपी के जरिए आने वाले निवेश में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, एम्फी का मानना है कि मजबूत आर्थिक संकेतकों के कारण निवेशकों का भारतीय बाजार पर दीर्घकालिक भरोसा बना हुआ है।

 इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश अक्टूबर में करीब 14 प्रतिशत घटकर 32,994 करोड़ रुपये रह गया, जबकि सितंबर में यह 38,306 करोड़ रुपये था। उद्योग संगठन एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एम्फी) ने बुधवार को यह जानकारी दी। इक्विटी श्रेणी में यह लगातार 60वां महीना है, जब शुद्ध निवेश आया है। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया ने कहा कि 31 अक्टूबर तक इक्विटी योजनाओं के तहत कुल प्रबंधन अधीन परिसंपत्तियां 37.14 लाख करोड़ रुपये थीं। 

बाजार में आई गिरावट निवेश में कमी की मुख्य वजह रही। बाजार में उतार-चढ़ाव के बावजूद सितंबर में इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश अगस्त की तुलना में 31 प्रतिशत से अधिक बढ़ा था। अक्टूबर में खुदरा निवेशकों की पसंदीदा व्यवस्थित निवेश योजना (एसआईपी) के जरिये आने वाली राशि में भी मामूली गिरावट आई। यह सितंबर के 32,490 करोड़ रुपये से घटकर 32,160 करोड़ रुपये रह गई। एसआईपी में योगदान करने वाले खातों की संख्या सितंबर के 10.06 करोड़ से घटकर अक्टूबर में 10 करोड़ रह गई। 

एम्फी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) वेंकट चलसानी ने कहा कि बाजार में उतार-चढ़ाव का निवेश प्रवाह पर असर पड़ा हो सकता है, लेकिन विदेशी ब्रोकरेज कंपनियों द्वारा भारतीय शेयरों का मूल्यांकन बढ़ाने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट जैसे कारक सकारात्मक संकेत दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कंपनियों के मजबूत तिमाही नतीजे एवं बैंकों की ओर से ऋण वृद्धि भी भविष्य के लिहाज से सकारात्मक है, क्योंकि ये अर्थव्यवस्था में अंतर्निहित गतिविधियों की मजबूती का संकेत देते हैं। 

विदेशी संस्थागत निवेशकों ने अक्टूबर में भारतीय शेयर बाजार में शुद्ध रूप से 34,843 करोड़ रुपये की बिकवाली की थी। इस ओर ध्यान दिलाते हुए चलसानी ने कहा कि ज्यादातर निवेशक भारतीय अर्थव्यवस्था की दीर्घकालिक संभावनाओं में भरोसे के कारण अपनी एसआईपी जारी रखे हुए हैं। 

अक्टूबर में सोने और चांदी, दोनों के एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ) में 3,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आया। एम्फी के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में सभी श्रेणियों में कुल 28 नए फंड पेशकश (एनएफओ) आईं, जिनके जरिये 3,829 करोड़ रुपये जुटाए गए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़