Indore में Cyber Fraud के लिए बैंक खाते बेचने वाले 5 युवक पकड़े गए

Indore में Cyber Fraud के लिए बैंक खाते बेचने वाले 5 युवक पकड़े गए
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मध्य प्रदेश के इंदौर में साइबर ठगी गिरोह को बैंक खाते बेचने के आरोप में पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। एरोड्रम थाना पुलिस ने ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत यह कार्रवाई की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने शौक पूरे करने के लिए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते खुलवाकर बेचे थे।

मध्यप्रदेश के इंदौर में पुलिस ने साइबर ठगी के लिए बैंक खातों की अवैध खरीद-फरोख्त के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। एरोड्रम थाना प्रभारी मनोज सेंधव ने बताया कि पुलिस के ‘ऑपरेशन मैट्रिक्स’ के तहत गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज वैद्य (20), तुषार चौहान (22), आयुष उर्फ लक्की प्रजापत (21), अजय पटेल (21) और रितेश प्रजापत (23) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया, ‘‘आरोपियों ने महंगे शौक पूरे करने के लिए अपने बैंक खाते साइबर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्यों को बेचे थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया जाता था।’’ सेंधव के मुताबिक शुरुआती पूछताछ में पता चला कि राज, तुषार और आयुष ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की अलग-अलग शाखाओं में ये खाते खुलवाए थे और इन्हें अजय तथा रितेश को बेच दिया था। उन्होंने बताया कि अजय और रितेश ने बाद में ये खाते गिरोह के अन्य सदस्यों को बेच दिए थे।

थाना प्रभारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करके गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़