Mumbai Airport की क्षमता में 50 लाख यात्रियों की कटौती की तैयारी, Navi Mumbai जाएंगे स्लॉट

मुंबई हवाई अड्डे पर टर्मिनल 1 के पुनर्निर्माण के चलते 2027 की गर्मियों से सालाना 50 लाख यात्रियों की क्षमता घटाने की तैयारी है। इसके तहत कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के स्लॉट नवी मुंबई भेजने का प्रस्ताव रखा गया है। हालांकि, विमानन कंपनियों ने इसका विरोध किया है और इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच 28 अक्टूबर को बैठक होगी।
मुंबई हवाई अड्डे पर आने वाले समय में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हवाई अड्डे के टर्मिनल 2 पर जगह की कमी को देखते हुए संचालक ने विमानन कंपनियों से कहा है कि 2027 की गर्मियों के उड़ान कार्यक्रम से हर साल करीब 50 लाख यात्रियों के बराबर क्षमता कम करनी होगी। इसके लिए कंपनियों को अपने अंतरराष्ट्रीय विमानों के संचालन में बदलाव करने के विकल्प दिए गए हैं।
मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (एमआईएएल) ने सोमवार को एयरलाइन ऑपरेटर्स कमेटी (एओसी) के सदस्यों को भेजे ईमेल में कहा कि कंपनियां चाहें तो मुंबई के टर्मिनल 2 से अपनी करीब एक-तिहाई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ले जा सकती हैं। दूसरा विकल्प इन उड़ानों को 2030 तक मुंबई से बंद रखने का है। कंपनियां इसके अलावा दूसरे रास्तों पर भी विचार कर सकती हैं। एमआईएएल ने साफ किया कि 2027 की गर्मियों और उसके बाद की उड़ानों को लेकर फैसला करने की पूरी आजादी संबंधित कंपनियों के पास होगी।
कंपनी ने यह भी भरोसा दिया है कि मुंबई हवाई अड्डे पर विमानन कंपनियों को पहले से मिले उड़ान समय यानी स्लॉट बरकरार रहेंगे। टर्मिनल 1 के दोबारा निर्माण का काम पूरा होने के बाद 2030 में इन स्लॉट को फिर से बहाल कर दिया जाएगा। एमआईएएल के मुताबिक, कंपनियों से बातचीत करने का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि फैसले को एकतरफा कार्रवाई के रूप में न देखा जाए।
हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर हवाई अड्डा संचालक और विमानन कंपनियों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। टर्मिनल 1 के चरणबद्ध पुनर्निर्माण के दौरान वहां से प्रभावित होने वाले घरेलू यात्रियों को जगह देने के लिए टर्मिनल 2 की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती का प्रस्ताव रखा गया है। विमानन कंपनियों ने इसका विरोध करते हुए कहा है कि उनकी मंजूरी के बिना पहले से आवंटित उड़ान समय में कटौती या उन्हें रद्द नहीं किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि एयरलाइन ऑपरेटर्स कमेटी ने शनिवार को एमआईएएल को पत्र लिखकर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई हवाई अड्डे पर ट्रांसफर करने के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। कमेटी ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय की मई 2013 में जारी उड़ान समय आवंटन संबंधी गाइडलाइन और अंतरराष्ट्रीय हवाई परिवहन संघ के नियमों का पालन करने की मांग की है। साथ ही, उसने प्रस्तावित बदलावों के समर्थन में क्षमता से जुड़े आकलन, संचालन के आंकड़े और टर्मिनल 1 के पुनर्निर्माण की पूरी योजना भी मांगी है। इसमें इमारत की सुरक्षा जांच, काम के अलग-अलग चरण और उन्हें पूरा करने की समय-सीमा शामिल है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, विवाद 1 अक्टूबर को शुरू हुआ था, जब एमआईएएल ने 25 अक्टूबर से मुंबई हवाई अड्डे की हर सप्ताह की 770 अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान उड़ानों में से 265 स्लॉट कम करने का प्रस्ताव रखा था। इसका मकसद टर्मिनल 1 से प्रभावित होने वाले करीब 50 लाख घरेलू यात्रियों के लिए टर्मिनल 2 पर जगह बनाना है।
अन्य न्यूज़













