GMR Hospitality को मिला Delhi Airport के Terminal-3 पर खानपान केंद्र चलाने का ठेका

GMR Hospitality को मिला Delhi Airport के Terminal-3 पर खानपान केंद्र चलाने का ठेका
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

जीएमआर हॉस्पिटैलिटी को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के टर्मिनल-3 पर खाद्य और पेय आउटलेट के विकास, संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी मिली है। यह अनुबंध शुरुआती तौर पर मई 2036 तक प्रभावी रहेगा, जिसे 10 वर्ष और बढ़ाया जा सकता है। इसके तहत कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड को राजस्व हिस्सेदारी और न्यूनतम गारंटी शुल्क का भुगतान करेगी।

जीएमआर हॉस्पिटैलिटी लि. को दिल्ली हवाईअड्डे के टर्मिनल-3 पर खाने-पीने के केंद्र स्थापित करने, संचालित करने और रखरखाव का ठेका मिला है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि यह ठेका शुरुआती तौर पर मई 2036 तक के लिए मिला है। इसे आगे 10 साल के लिए बढ़ाया जा सकता है।

कंपनी ने दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लि. (डायल) के साथ इसके लिए लाइसेंस समझौता किया है। जीएमआर हॉस्पिटैलिटी और राष्ट्रीय राजधानी में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का संचालन करने वाली डायल, दोनों जीएमआर समूह की इकाई हैं। जीएमआर एयरपोर्ट्स लि. (जीएएल) ने बुधवार देर शाम शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘लाइसेंस शुल्क डायल को राजस्व में हिस्सेदारी के आधार पर दिया जाएगा।

यह शुल्क हर साल खानपान केंद्रों से होने वाले राजस्व के आधार पर तय होगा। इसके अलावा, जीएमआर हॉस्पिटैलिटी को डायल को न्यूनतम मासिक गारंटी और विज्ञापन शुल्क भी देना होगा।’’ कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 और 2027-28 के लिए अनुमानित कुल लाइसेंस शुल्क क्रमशः करीब 49 करोड़ रुपये और 109 करोड़ रुपये होगा। जीएमआर हॉस्पिटैलिटी टर्मिनल-3 पर खाने-पीने के केंद्रों की डिजाइन, वित्तपोषण, विकास, स्थापना, संचालन, प्रबंधन और रखरखाव के लिए चयनित बोलीदाता बनी है।

सूचना के अनुसार, यह संबंधित पक्षों के बीच बाजार दरों पर किया गया सौदा है और इसके लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के सूचीबद्धता नियमों तथा कंपनी कानून, 2013 के तहत जरूरी मंजूरियां प्राप्त कर ली गई हैं। जीएमआर हॉस्पिटैलिटी, जीएमआर एयरपोर्ट्स और ट्रैवल फूड सर्विसेज का संयुक्त उद्यम है। यह गोवा और हैदराबाद हवाईअड्डों पर खाने-पीने के केंद्रों का संचालन करती है।

जीएमआर एयरपोर्ट्स दिल्ली, हैदराबाद, गोवा, नागपुर और बीदर के अलावा इंडोनेशिया के मेदान स्थित कुआलानामू अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का भी संचालन करती है। कंपनी हवाईअड्डा संचालन के साथ यात्रियों और माल ढुलाई से जुड़े कारोबार के अवसरों का भी लाभ उठा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़