Gujarat Cotex करेगी खाद्य तेल और इन्फ्रास्ट्रक्चर में कारोबार, दो नई इकाइयां होंगी शुरू

कपड़ा क्षेत्र की कंपनी गुजरात कोटेक्स लिमिटेड ने खाद्य तेल और बुनियादी ढांचा कारोबार में विस्तार की घोषणा करते हुए दो नए व्यावसायिक खंड प्रभात ऑयल्स और प्रभात इन्फ्राटेक शुरू करने की योजना बनाई है। प्रभात ऑयल्स के तहत खाद्य व रिफाइंड तेल का प्रसंस्करण और शोधन किया जाएगा। वहीं प्रभात इन्फ्राटेक के जरिए सूरत और धोलेरा स्मार्ट सिटी जैसे प्रमुख उभरते केंद्रों में आवासीय व व्यावसायिक रियल एस्टेट परियोजनाएं विकसित की जाएंगी।
कपड़ा कंपनी गुजरात कोटेक्स लिमिटेड ने सोमवार को खाद्य तेल और बुनियादी ढांचा के क्षेत्र में अपने कारोबार के विस्तार की योजना की घोषणा की। इसके लिए कंपनी दो नए कारोबार खंड - ‘प्रभात ऑयल्स’ और ‘प्रभात इन्फ्राटेक’ - शुरू करेगी। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में गुजरात कोटेक्स लि. ने कहा कि यह कदम कंपनी की उस बड़ी रणनीति का हिस्सा है जिसके तहत वह कमाई के नए जरिये तलाशना, लंबे समय के लिए नए कारोबारी मंच बनाना और अंशधारकों के मूल्य को बढ़ाना चाहती है।
प्रभात ऑयल्स के तहत, कंपनी खाद्य तेल और रिफाइंड तेल के कारोबार में उतरने की योजना बना रही है। इसके कामकाज में कारोबार, प्रसंस्करण, परिशोधन, ‘जॉब वर्क’ और इससे जुड़ी दूसरी गतिविधियां शामिल होंगी। कंपनी प्रवर्तक समूह के अनुभव और ‘प्रभात’ ब्रांड की अच्छी साख का इस्तेमाल करके इस क्षेत्र में अपनी बड़ी मौजूदगी बनाएगी।
प्रभात इन्फ्राटेक बुनियादी ढांचा और रियल एस्टेट क्षेत्र पर ध्यान देगी। यह इकाई आवासीय, व्यावसायिक और अपार्टमेंट डेवलपमेंट परियोजनायें शुरू करने की योजना बना रही है। इसमें मुख्य रूप से सूरत और धोलेरा स्मार्ट सिटी जैसे उभरते हुए विकास केंद्रों पर ध्यान दिया जाएगा, जो व्यावसायिक तौर पर फायदेमंद होंगे।
अन्य न्यूज़













