Himachal Pradesh में किसानों की आय 50 हजार रुपये करने का लक्ष्य: CM Sukhvinder Singh Sukhu

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांगड़ा के टांडा में किसानों से संवाद करते हुए प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले वर्षों में किसानों की मासिक आय बढ़ाकर 40,000 से 50,000 रुपये करने का प्रयास कर रही है। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने बताया कि किसानों से मिले सुझावों को नीतियों में शामिल किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कहा कि आने वाले वर्षों में कृषि अधिक लाभकारी व्यवसाय बनने जा रही है और राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि करना है। उन्होंने किसानों से अपनी जमीन नहीं बेचने की भी अपील की और उन्हें प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हिमाचल प्रदेश को प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कांगड़ा जिले के टांडा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज में राजीव गांधी प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के लाभार्थियों से बातचीत की। इस दौरान सुक्खू ने किसानों से कृषि और प्राकृतिक खेती को मजबूत बनाने के लिए सुझाव मांगे। किसानों और बागवानों को पर्याप्त वित्तीय सहायता देने की बात कहते हुए सुक्खू ने कहा, “सरकार का लक्ष्य आने वाले वर्षों में किसानों की मासिक आय बढ़ाकर 40,000 से 50,000 रुपये करना है।

वित्तीय नुकसान के बावजूद सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए उनके हाथों में पैसा पहुंचा रही है। हिमाचल तभी आत्मनिर्भर बन सकता है, जब उसके किसान और बागवान समृद्ध तथा आर्थिक रूप से सुरक्षित हों।” कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि किसानों के साथ बातचीत के दौरान कई उपयोगी सुझाव मिले हैं, जिन्हें नीतियां तैयार करते समय शामिल किया जाएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़