हुडको का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 35 प्रतिशत बढ़कर 851 करोड़ रुपये हुआ

Prabhasakshi Image

हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 851 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। यह पिछले साल की समान अवधि के 630 करोड़ रुपये के मुकाबले 35 प्रतिशत अधिक है। इसके साथ ही समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल आय भी बढ़कर 3,737 करोड़ रुपये हो गई है।

नयी दिल्ली, 27 जुलाई हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (हुडको) ने जून, 2026 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 851 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है, जो सालाना आधार पर 35 प्रतिशत अधिक है। सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 630 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। हुडको ने शेयर बाजार को बताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 3,737 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल की इसी अवधि में 2,945 करोड़ रुपये थी।

समीक्षाधीन तिमाही के दौरान कंपनी ने 3,710 करोड़ रुपये की ब्याज आय अर्जित की, जो पिछले वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 2,925 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी का खर्च भी बढ़कर 2,561 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 1,976 करोड़ रुपये था। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 10 रुपये के अंकित मूल्य वाले प्रत्येक शेयर पर 12.50 प्रतिशत यानी प्रति शेयर 1.25 रुपये के पहले अंतरिम लाभांश की घोषणा की है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़