Piyush Goyal ने मिस्र की Infinity Energy के साथ EV और वाहन विनिर्माण पर की अहम चर्चा

India And Egypt
ANI

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मिस्र यात्रा में इलेक्ट्रिक वाहन और नवीकरणीय ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों में साझेदारी की संभावनाएं तलाशीं। 100 सदस्यीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ उन्होंने व्यापार और निवेश बढ़ाने के लिए कई बैठकें कीं। दोनों देशों का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना कर 12 अरब डॉलर तक पहुंचाना है।

 वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मिस्र की नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी इन्फिनिटी एनर्जी के एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ वाहन विनिर्माण और इलेक्ट्रिक वाहनों जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं तलाशने के लिए चर्चा की। गोयल ने सोमवार को इन्फिनिटी एनर्जी के चेयरमैन मोहम्मद इस्माइल मंसूर से मुलाकात की और संभावित अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मिस्र के प्रमुख कारोबारियों के बीच भारत के साथ जुड़ाव बढ़ाने में रुचि बढ़ रही है। गोयल ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘हम वाहन विनिर्माण, इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी), वाहन कलपुर्जे, वित्तीय प्रौद्योगिकी एवं डिजिटल भुगतान, नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक, भंडारण और आपूर्ति श्रृंखला जैसे क्षेत्रों में सहयोग की अच्छी संभावनाएं देखते हैं।’’ 

उन्होंने कहा कि भारत का व्यापक एवं तेजी से बढ़ता बाजार, मजबूत विनिर्माण परिवेश, कुशल कार्यबल और निवेश के लिए अनुकूल माहौल मिस्र के कारोबारियों के लिए भारत की विकास यात्रा में भागीदारी का सुनहरा अवसर है। मंत्री ने सोमवार को काहिरा की अपनी दो दिवसीय यात्रा पूरी की।

 उन्होंने भारत और मिस्र के बीच व्यापार एवं निवेश बढ़ाने के लिए देश के नेताओं और कारोबारियों के साथ कई बैठकें कीं। गोयल यहां 100 से अधिक सदस्यों वाले कारोबारी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे थे। दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए व्यापार समझौते की संभावनाएं तलाश रहे हैं। 

उनका लक्ष्य अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना कर 12 अरब डॉलर तक पहुंचाना है। तमिलनाडु स्थित फ्लोरेंस शू कंपनी के चेयरमैन अकील पनारुना ने कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को बढ़ावा देने की काफी संभावनाएं हैं। टीडब्ल्यूआई समूह के समूह प्रबंध निदेशक उत्तम सिंघल ने भी कहा कि भारत और मिस्र के कारोबारी विनिर्माण सहित कई क्षेत्रों में अवसर तलाश सकते हैं। 

उन्होंने कहा, ‘‘इस यात्रा से मुझे उन क्षेत्रों में संभावनाएं तलाशने में मदद मिली, जहां मेरी कंपनी मिस्र की कंपनियों के साथ सहयोग कर सकती है।’’ दोनों भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़