भारत में Samsung के AI Home Appliances 3 साल में 9 गुना बढ़े, 7.32 लाख हुआ आंकड़ा

samsung
AI-Generated

भारत सैमसंग के एआई आधारित घरेलू उपकरणों के लिए सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में उभरा है, जहां पिछले तीन वर्षों में कनेक्टेड उपकरण नौ गुना बढ़े हैं। इसमें युवा उपभोक्ताओं की प्रमुख भूमिका है और वर्तमान में बिकने वाले 50 प्रतिशत से अधिक उपकरण एआई आधारित हैं। कंपनी अब इन सुविधाओं का विस्तार मध्यम श्रेणी के उत्पादों में भी करेगी।

 भारत सैमसंग के कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित घरेलू उपकरण के लिए सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक बनकर उभरा है। कंपनी के अनुसार, देश में नए कनेक्ट होने वाले सैमसंग उपकरणों की संख्या पिछले तीन साल में करीब नौ गुना बढ़ी है। इस वृद्धि में युवा उपभोक्ताओं की प्रमुख भूमिका है। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स की उपाध्यक्ष और एक्सपीरियंस प्लानिंग तथा सीएक्स इनसाइट ग्रुप (डिजिटल अप्लायंसेज कारोबार) की प्रमुख बोना ली ने बताया कि भारत में नए कनेक्ट होने वाले सैमसंग उपकरण की संख्या 2022 के 82,000 से बढ़कर पिछले साल 7.32 लाख हो गई।

 ली ने कहा, ‘‘इसके परिणामस्वरूप, दुनिया भर में सैमसंग के कनेक्टेड उपकरणों में दक्षिण-पश्चिम एशिया की हिस्सेदारी 2022 के दो प्रतिशत से बढ़कर 2026 में 13 प्रतिशत हो गई है।’ ’ उन्होंने कहा कि कंपनी चालू साल के केवल आठ महीनों में ही पिछले साल के आंकड़े को पार कर चुकी है। उन्होंने इस तेज वृद्धि का मुख्य कारण युवा पीढ़ी को बताया। ली के अनुसार, भारत और दक्षिण-पश्चिम एशिया में सक्रिय स्मार्टथिंग्स उपयोगकर्ताओं में 71 प्रतिशत लोग 20 और 30 वर्ष की आयु के हैं, जबकि वैश्विक स्तर पर यह औसत 48 प्रतिशत है। सैमसंग दक्षिण-पश्चिम एशिया के अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जेबी पार्क ने कहा कि भारत में सैमसंग द्वारा वर्तमान में बेचे जाने वाले घरेलू उपकरण में 50 प्रतिशत से अधिक एआई आधारित हैं।

 ली ने कहा कि सैमसंग एआई की सुविधाओं को केवल प्रीमियम उत्पादों तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इन्हें मध्यम और शुरुआती श्रेणी के उपकरण में भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि अधिक उपभोक्ता एआई उपकरण और एआई होम के व्यावहारिक लाभ का अनुभव कर सकें। सैमसंग ने इस साल जनवरी में वर्ष के अंत तक 80 करोड़ उपकरण में एआई सुविधाएं उपलब्ध कराने की महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की थी। यह संख्या पिछले साल के 40 करोड़ उपकरण से दोगुनी है। 

दक्षिण कोरियाई कंपनी के लिए महत्वपूर्ण बाजार होने के कारण भारत में कनेक्टेड और एआई आधारित उपकरण बाजार की तेज वृद्धि इस लक्ष्य को हासिल करने में मदद कर सकती है। पश्चिम एशिया में संघर्ष समेत मौजूदा भू-राजनीतिक और व्यापक आर्थिक चुनौतियों के उपभोक्ता धारणा पर संभावित असर के बारे में पूछे जाने पर ली ने कहा कि सैमसंग ने अबतक वैश्विक स्तर पर वृद्धि के रुझान में कोई महत्वपूर्ण अंतर नहीं देखा है। 

उन्होंने कहा, ‘‘हम भारत समेत दुनिया के विभिन्न बाजारों में एआई आधारित घरेलू उपकरण की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि देख रहे हैं। हमारा मानना है कि एआई होम के लिए भी काफी संभावनाएं हैं।’’ उन्होंने कहा कि कंपनी बाजार की परिस्थितियों पर नजर रखेगी और उसी के अनुसार कदम उठाएगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़