Maruti Suzuki की Jimny, Fronx और e-Vitara का Japan को कुल Export 1 लाख यूनिट के पार

मारुति सुजुकी इंडिया द्वारा भारत में निर्मित फ्रॉन्क्स, पांच दरवाजे वाली जिम्नी और ई-विटारा का जापान को कुल निर्यात एक लाख इकाई के पार पहुंच गया है। इस उपलब्धि के साथ जापान कंपनी का दूसरा सबसे बड़ा निर्यात बाजार बन गया है। यह सफलता वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में भारत की स्थिति को और मजबूत करती है।
मारुति सुजुकी इंडिया की भारत में बनी पांच दरवाजे वाली जिम्नी, फ्रॉन्क्स और ई-विटारा का जापान को किया गया कुल निर्यात एक लाख इकाई के पार पहुंच गया है। मारुति सुजुकी इंडिया ने दुनिया के सबसे प्रतिस्पर्धी और उन्नत वाहन बाजारों में से एक जापान को अगस्त 2024 में फ्रॉन्क्स का निर्यात शुरू किया था। इसके बाद दिसंबर 2024 में पांच दरवाजे वाली जिम्नी का निर्यात शुरू किया गया। कंपनी का पहला बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (बीईवी) ई-विटारा सितंबर 2025 में इस निर्यात सूची में शामिल हुआ।
इससे सुजुकी के लिए भारत की वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में भूमिका और मजबूत हुई है। पांच दरवाजे वाली जिम्नी और ई-विटारा का विनिर्माण विशेष रूप से भारत में किया जाता है। मोटर वाहन विनिर्माता कंपनी ने कहा कि भारत में बने वाहनों को मिल रही बढ़ती स्वीकार्यता के बीच वित्त वर्ष 2025-26 में मात्रा के लिहाज से जापान मारुति सुजुकी का दूसरा सबसे बड़ा निर्यात बाजार रहा। वहीं चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले पांच महीनों (अप्रैल-अगस्त) में भी जापान ने यह स्थान बरकरार रखा है।
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हिसाशी ताकेउची ने कहा, ‘‘पांच दरवाजे वाली जिम्नी, फ्रॉन्क्स और ई-विटारा का जापान को एक लाख से अधिक निर्यात भारत की विनिर्माण उत्कृष्टता की मजबूत पुष्टि है। यह उपलब्धि विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि जापान दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण और उन्नत वाहन बाजारों में से एक है।’’
कंपनी ने कहा कि इन मॉडलों की सफलता से पिछले वित्त वर्ष में जापान में सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन को सबसे बड़ा वाहन आयातक बनने में भी मदद मिली। पिछले वित्त वर्ष में जापान में सुजुकी के कुल आयात में मारुति सुजुकी द्वारा निर्मित वाहनों की हिस्सेदारी करीब 100 प्रतिशत रही। ताकेउची ने कहा, ‘‘यह निर्यात उपलब्धि भारत-जापान साझेदारी के उल्लेखनीय विकास का भी प्रतीक है। इस सफलता से जापान मारुति सुजुकी के निर्यात के लिए दूसरा सबसे बड़ा बाजार बनने में मदद मिली है।
अन्य न्यूज़













